रामगढ़। शहर के जिमखाना क्लब में झारखंड के प्रसिद्ध व्यवसायियों में शामिल स्वर्गीय रामचंद्र रुंगटा की स्मृति में श्रीमद् भागवत कथा का आयोजन किया जा रहा है। कार्यक्रम के पहले दिन इस कथा में झारखंड के राज्यपाल संतोष गंगवार शामिल हुए। यहां उन्होंने वृंदावन से आए कथावाचक आचार्य मृदुल कृष्ण गोस्वामी महाराज से मिलकर आशीर्वाद लिया। इस दौरान उन्होंने श्रीमद्भागवत कथा का श्रवण भी किया।

कार्यक्रम में शामिल होने के बाद राज्यपाल संतोष गंगवार ने कहा कि सद्भाव से ही हमारा समाज बेहतर बनता है और उसका विकास होता है। जिमखाना क्लब में आयोजित यह कार्यक्रम काफी सराहनीय है। यह समाज को नई दिशा देगा। वे कई वर्षों से सक्रिय राजनीति में रहे। पांच बार सांसद भी रहे। वे लगभग सभी कथावाचकों और साधु संतों से मिले हैं। अपने समाज के लिए उन्होंने भी कई सकारात्मक कार्य किए हैं। आज यहां श्रीमद्भागवत कथा कार्यक्रम में शामिल होकर उन्हें भी सुखद अनुभूति हुई है।

कथा के शुभारंभ से पूर्व रविवार को प्रणीत टावर स्थित मंदिर से भव्य मंगल कलश शोभायात्रा निकाली गई। रामगढ़ मारवाड़ी युवा मंच एवं रामगढ़ चेतना समिति के संचालन में निकली शोभायात्रा में रूंगटा परिवार के सदस्यों के अलावा शहर के गणमान्य नागरिक एवं श्रद्धालु शामिल हुए। मंदिर में विधिवत पूजा-अर्चना के बाद शोभायात्रा प्रारंभ हुई। शोभायात्रा में स्वर्गीय रामचंद्र रूंगटा की पत्नी माया रूंगटा, पुत्र अभिषेक रूंगटा, आलोक रूंगटा एवं आशीष रूंगटा, सहित अन्य लोग शामिल रहे।

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version