नई दिल्ली । केंद्रीय कैबिनेट ने बुधवार को देशभर के रेलवे कर्मचारियों के लिए 1,866 करोड़ रुपए के प्रोडक्टिविटी लिंक्ड बोनस (पीएलबी) को मंजूरी दे दी है। इसका लाभ 10.90 लाख से अधिक रेलवे कर्मचारियों को मिलेगा। कैबिनेट नोट में कहा गया कि बोनस रेलवे कर्मचारियों को रेलवे के प्रदर्शन में सुधार लाने के लिए प्रेरित करने हेतु एक प्रोत्साहन के रूप में कार्य करता है। प्रत्येक पात्र रेलवे कर्मचारी के लिए 78 दिनों के वेतन के बराबर पीएलबी की अधिकतम देय राशि 17,951 रुपए है।

यह बोनस विभिन्न श्रेणियों के रेलवे कर्मचारियों जैसे ट्रैक मेंटेनर, लोको पायलट, ट्रेन मैनेजर (गार्ड), स्टेशन मास्टर, सुपरवाइजर, टेक्नीशियन, टेक्नीशियन हेल्पर, पॉइंट्समैन, मंत्रालय के कर्मचारी और अन्य ग्रुप ‘सी’ कर्मचारियों को दिया जाएगा।
कैबिनेट ने कहा, “वर्ष 2024-25 में रेलवे का प्रदर्शन बहुत अच्छा रहा। रेलवे ने रिकॉर्ड 1614.90 मिलियन टन कार्गो संभाला और लगभग 7.3 अरब यात्रियों को गंतव्य तक पहुंचाया।”
पिछले साल, सरकार ने 2,029 करोड़ रुपए के बोनस को मंजूरी दी थी, जिससे 11.7 लाख से अधिक कर्मचारियों को लाभ हुआ था।

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version