धनबाद। नगर निकाय चुनाव की सरगर्मी के बीच रविवार देर रात सरायढेला थाना क्षेत्र स्थित सिंह मेंशन में बमबाजी की घटना सामने आई है। घटना की सूचना मिलते ही सिटी एसपी ऋत्विक श्रीवास्तव दल-बल के साथ मौके पर पहुंचे और पूरे मामले की जांच शुरू की। जानकारी के अनुसार रात करीब 11:30 से 12 बजे के बीच बाइक सवार अपराधियों ने सिंह मेंशन को निशाना बनाते हुए दो बम फेंके। इनमें से एक बम सिंह मेंशन के गेट के अंदर जाकर ब्लास्ट हुआ, जबकि दूसरा बाहर ही गिर गया। बताया जा रहा है कि जहां बम ब्लास्ट हुआ, वहां आमतौर पर लोग बैठते हैं। गनीमत रही कि इस घटना में कोई हताहत नहीं हुआ। घटना के वक्त झरिया के पूर्व विधायक संजीव सिंह, उनकी धर्मपत्नी झरिया विधायक रागिनी सिंह अपने कमरे में मौजूद थी। बमबाजी के बाद आवास परिसर में अफरातफरी मच गई। भीतर मौजूद लोग और सुरक्षा गार्ड बाहर की ओर दौड़े, लेकिन तब तक अपराधी फरार हो चुके थे।

सूचना मिलने के बाद सिटी एसपी ऋत्विक श्रीवास्तव मौके पर पहुंचे और सबसे पहले पूर्व विधायक संजीव सिंह से घटना की जानकारी ली। इसके बाद पुलिस ने सिंह मेंशन में लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच की। जांच के लिए सीसीटीवी का डीवीआर पुलिस अपने साथ ले गई है। पुलिस आसपास के क्षेत्रों के फुटेज भी खंगाल रही है। सिटी एसपी ऋत्विक श्रीवास्तव ने बताया कि बमबाजी की सूचना मिलने पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची थी। मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और सभी बिंदुओं पर पड़ताल की जा रही है।

इस घटना के बाद सोशल मीडिया पर एक पर्चा वायरल हुआ है, जिसमें अमन सिंह के नाम पर शंकर सिंह नामक व्यक्ति ने बमबाजी की जिम्मेदारी ली है। पर्चे में लिखा है कि जिस धरती पर अमन का खून गिरा है, उसे बंजर बना देंगे। इसके साथ ही धनबाद के कोयला और लोहा कारोबार से जुड़े व्यापारियों से रंगदारी की मांग की गई है। वहीं सबको चुन-चुनकर मारने की धमकी दी गई है। पुलिस पर्चे की सत्यता और इसके पीछे सक्रिय गिरोह की भूमिका की भी जांच कर रही है। मेयर पद के लिए संजीव सिंह के संभावित नामांकन से पहले हुई इस घटना के पीछे का मकसद क्या है, यह बड़ा सवाल बना हुआ है।

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version