
पटना। बिहार के भोजपुर जिले में हवलदार के बेटे की गोली मारकर हत्या किए जाने के बाद लोगों का गुस्सा फूट पड़ा। घटना से आक्रोशित परिजनों और स्थानीय लोगों ने शव के साथ सड़क पर उतरकर जमकर प्रदर्शन किया। इस दौरान प्रदर्शनकारियों ने चंदवा मोड़ के समीप आरा-बक्सर हाईवे जाम कर दिया और सड़क पर टायर जलाकर आगजनी की। करीब चार घंटे तक चले हंगामे के कारण हाईवे पर यातायात पूरी तरह ठप रहा और सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं।



जानकारी के अनुसार, गुरुवार की शाम गजराजगंज ओपी क्षेत्र के बामपाली के समीप हथियारबंद बदमाशों ने हवलदार हरेंद्र सिंह के बेटे ऋतिक सिंह और उसके दोस्त युवराज सिंह को गोली मार दी थी। गोली लगने से ऋतिक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि युवराज गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल युवराज दधोबहा थाना क्षेत्र के देवड़ी गांव निवासी रामावतार सिंह का 22 वर्षीय बेटा है।
बताया जाता है कि ऋतिक के सिर में चार और पीठ में एक गोली मारी गई थी, जबकि युवराज को दो गोलियां लगी हैं। घटना के बाद से ही इलाके में तनाव और आक्रोश का माहौल है।
हत्या से नाराज लोगों ने नवादा थाना क्षेत्र के चंदवा मोड़ पर शव रखकर प्रदर्शन शुरू कर दिया। प्रदर्शनकारी हत्याकांड में शामिल आरोपितों के एनकाउंटर और मौके पर एसपी को बुलाने की मांग कर रहे थे। सड़क जाम और आगजनी की सूचना मिलने पर नवादा थानाध्यक्ष रजनीकांत, दारोगा अविनाश, चंदेश्वर सहित अन्य पुलिस पदाधिकारी मौके पर पहुंचे।
पुलिस अधिकारियों ने प्रदर्शनकारियों को समझाने और जाम हटवाने का प्रयास किया, लेकिन लोग अपनी मांगों पर अड़े रहे। इस दौरान पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच काफी देर तक बातचीत होती रही। करीब चार घंटे तक नारेबाजी और हंगामे के कारण इलाके में अफरातफरी की स्थिति बनी रही।
इंस्पेक्टर रजनीकांत ने बताया कि पुलिस आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए लगातार प्रयास कर रही है। उन्होंने मृतक के परिजनों को आश्वासन दिया है कि हत्याकांड में शामिल आरोपितों को जल्द से जल्द गिरफ्तार करने के लिए हर संभव कार्रवाई की जाएगी।

