
पटना। मोकामा के विधायक अनंत सिंह की छोटी बेटी शिवांगी सिंह की शादी को लेकर दोनों परिवारों में तैयारियां जोरों पर हैं। 25 नवंबर को शिवांगी की शादी बिहटा निवासी रणविजय सिंह के बेटे रिषिकेश कुमार से होनी है। शादी से पहले गुरुवार को शिवांगी के होने वाले ससुराल में नए पांच मंजिला मकान का विधिवत गृह प्रवेश किया गया। इस दौरान शिवांगी की होने वाली सास आशा देवी ने अपनी भावनाएं जाहिर करते हुए ऐसी बात कही, जिसने सभी का ध्यान खींचा।



बहू नहीं, बेटी बनाकर रखूंगी: आशा देवी
शिवांगी की होने वाली सास आशा देवी ने कहा कि वह अपनी बहू को बेटी से भी बढ़कर प्यार और सम्मान देंगी। उन्होंने कहा, “इतने अच्छे परिवार से हमारे घर बहू आ रही है, यह हमारे लिए बहुत खुशी की बात है। मैं उसे बहू के रूप में नहीं, बल्कि अपनी बेटी के रूप में रखूंगी। जैसे मेरी अपनी बेटी है, वैसे ही शिवांगी भी मेरे लिए बेटी होगी। एक बेटी को हम दूसरे घर देंगे और दूसरी बेटी को अपने घर लाएंगे। मैं उसका पूरे दिल से स्वागत करूंगी और उसे बहुत प्यार से रखूंगी।”
वैदिक मंत्रोच्चार के साथ नए घर में हुआ गृह प्रवेश
शिवांगी के होने वाले ससुर रणविजय कुमार सिंह और सास आशा देवी ने बिहटा स्थित नवनिर्मित पांच मंजिला मकान में वैदिक मंत्रोच्चार, हवन और विधि-विधान के साथ गृह प्रवेश किया। शादी के बाद इसी नए घर में शिवांगी का स्वागत किया जाएगा। परिवार की ओर से विवाह की तैयारियां बड़े स्तर पर की जा रही हैं।
नदवां गांव में शादी की तैयारियां तेज
इधर, अनंत सिंह के पैतृक गांव नदवां में भी शादी समारोह को यादगार बनाने की तैयारियां चल रही हैं। अनंत सिंह के मुताबिक, इस भव्य विवाह समारोह में करीब चार लाख मेहमानों के पहुंचने की संभावना है। इतनी बड़ी संख्या में मेहमानों के स्वागत और व्यवस्था के लिए व्यापक इंतजाम किए जा रहे हैं।
25 एकड़ में तैयार हुआ घुड़दौड़ मैदान, विजेता को मिलेगी थार
शादी समारोह का खास आकर्षण घुड़दौड़ प्रतियोगिता भी होगी। इसके लिए करीब 25 एकड़ जमीन पर मैदान तैयार कराया गया है। शुक्रवार सुबह मोकामा विधायक अनंत सिंह खुद मैदान का निरीक्षण करने पहुंचे। उन्होंने पूरे मैदान का जायजा लिया। इस दौरान उनके समर्थक भी मौजूद रहे।
अनंत सिंह पहले ही घोषणा कर चुके हैं कि घुड़दौड़ प्रतियोगिता में जीतने वाले प्रतिभागी को थार गाड़ी दी जाएगी, जबकि दूसरे स्थान पर रहने वाले को बाइक पुरस्कार के रूप में मिलेगी। बेटी की शादी को यादगार बनाने के लिए अनंत सिंह की ओर से भव्य तैयारियां की जा रही हैं।

