
कटिहार। लोक आस्था के महापर्व छठ से पहले बिहार के कटिहार जिले में एक दर्दनाक सड़क हादसे ने खुशियों को मातम में बदल दिया। मनिहारी फोरलेन पर तेज रफ्तार कार सड़क किनारे खड़े बालू लदे ट्रक से पीछे से टकरा गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार के परखच्चे उड़ गए। हादसे में पति-पत्नी समेत तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।



मिली जानकारी के अनुसार, कटिहार के बैगना निवासी एक परिवार अपने पड़ोसियों के साथ छठ महापर्व के अवसर पर गंगा स्नान करने के लिए मनिहारी जा रहा था। परिवार के सभी सदस्य सुबह करीब चार बजे कार से निकले थे। इसी दौरान मनिहारी फोरलेन पर नारायणपुर के समीप चालक कार पर नियंत्रण खो बैठा और गाड़ी सड़क किनारे खड़े बालू लदे ट्रक में पीछे से जा घुसी।
इस भीषण दुर्घटना में शंभू सिंह (68), उनकी पत्नी उषा सिंह (64) और मोहल्ले की मंजू रानी शाह की मौत हो गई। वहीं, हादसे में दो अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं। कार में चालक समेत कुल छह लोग सवार थे। हादसे में चालक, पांच वर्षीय बच्ची और 15 वर्षीय किशोर बच गए।
घटना के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। स्थानीय लोगों की मदद से कार में फंसे लोगों को बाहर निकाला गया और अस्पताल पहुंचाया गया। हादसे की खबर मिलते ही बैगना इलाके में शोक की लहर दौड़ गई। मृतकों के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
परिजनों ने प्रशासन पर लगाया लापरवाही का आरोप
मृतक के परिजन विष्णु सिंह ने प्रशासन और एंबुलेंस व्यवस्था पर गंभीर सवाल उठाए हैं। उनका आरोप है कि हादसे के बाद कुछ घायलों की सांसें चल रही थीं और समय पर मदद मिल जाती तो उनकी जान बचाई जा सकती थी। उन्होंने बताया कि कई बार प्रशासन और एंबुलेंस को फोन किया गया, लेकिन समय पर सहायता नहीं पहुंची।
वहीं, बैगना निवासी सुबोध सिंह ने बताया कि पूरा परिवार गंगा स्नान के लिए निकला था। हादसे की सूचना मिलने पर परिजन मनिहारी की ओर भागे, लेकिन रास्ते में एंबुलेंस में शव आते दिखाई दिए। इसके बाद वे सीधे सदर अस्पताल पहुंच गए, जहां तीन लोगों की मौत की पुष्टि हुई।
परिजनों के मुताबिक, मृतक शंभू सिंह के तीन बेटे हैं, जिनमें से दो दूसरे शहरों में रहते हैं। हादसे की खबर मिलने के बाद वे घर लौटने की तैयारी कर रहे हैं। त्योहार से ठीक पहले एक ही परिवार के सदस्यों की मौत से पूरे इलाके में मातम पसरा हुआ है।
फिलहाल हादसे के कारणों और परिजनों द्वारा लगाए गए लापरवाही के आरोपों की जांच को लेकर प्रशासन की ओर से आधिकारिक जानकारी का इंतजार है।

