
पटना। आईपीएस भानु प्रताप की पत्नी पूजा ने अपना परिवार बचाने की गुहार लगाते हुए डीजीपी से मुलाकात की। उन्होंने कहा कि वे अपने पति और बच्चे के साथ रहना चाहती हैं। पुलिस मुख्यालय पहुंचने पर मुलाकात नहीं होने से नाराज पूजा धरने पर बैठ गईं। काफी अनुरोध के बाद उनकी मुलाकात हुई। हालांकि, पूजा का आरोप है कि डीजीपी भी उनके पति का समर्थन करती नजर आईं।पूजा के मुताबिक भानु प्रताप ने तलाक की अर्जी दाखिल की है और सितंबर से आर्थिक मदद भी बंद कर दी गई है। उन पर दस्तावेज लेने और गलत हरकतें करने जैसे आरोप लगाए जा रहे हैं, जिससे उन्हें तकलीफ है।
पूजा ने कहा कि दूसरी शादी करने की सलाह क्यों दी जा रही है? वह तलाक की वजह जानना चाहती हैं। पूजा का आरोप है कि पटना आने के बाद करीब डेढ़ महीने से बेटी से उनकी बातचीत बंद है। खगड़िया में रहते हुए बात कराई जाती थी। बच्ची को मॉल घुमाने के बहाने ले जाने के बाद उनसे दूर कर दिया गया। अब बेटी से बात करने के लिए कस्टडी लेने को कहा जा रहा है।
पूजा ने कहा कि बेटी पर जितना अधिकार भानु का है, उतना उनका भी है। वह कानूनी लड़ाई जारी रखेंगी, लेकिन आर्थिक लाभ नहीं चाहतीं। उनकी मांग है कि पति, बच्ची और परिवार उन्हें वापस मिले। बताया गया कि पांच दिन बात छुट्टी से आने के बाद वे बात करेंगे। उन्होंने यह भी कहा कि उन्हें भानु पर पूरा भरोसा है। उनका कहीं कोई अफेयर नहीं है।
