
जमशेदपुर। साकची थाना क्षेत्र के तमड़िया रोड स्थित सुधांशु आदित्य के क्वार्टर में दिनदहाड़े हुई चोरी का पुलिस ने खुलासा करते हुए एक आरोपित को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपित की पहचान सीतारामडेरा थाना क्षेत्र के भुईयांडीह निवासी सुमित दास उर्फ लंगड़ा (25) के रूप में हुई है। उसके पास से चोरी के सोने-चांदी के जेवरात के अलावा वारदात में इस्तेमाल हथौड़ी और छेनी बरामद की। सिटी एसपी ललित मीणा ने शनिवार को पुलिस कार्यालय में आयोजित संवाददाता सम्मेलन में बताया कि चोरी की शिकायत मिलने के बाद साकची थाना में मामला दर्ज किया गया था। घटना के उद्भेदन के लिए नगर पुलिस डीएसपी के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई। टीम ने तकनीकी साक्ष्यों और मानवीय सूचना के आधार पर जांच करते हुए पूर्व में चोरी की घटनाओं में शामिल अपराधियों की गतिविधियों की भी पड़ताल की। इसी क्रम में मिले सुराग के आधार पर सुमित दास को साकची क्षेत्र से गिरफ्तार किया।



सिटी एसपी ने बताया कि साकची थाना प्रभारी सह पुलिस निरीक्षक अभिनव कुमार के नेतृत्व में गठित टीम ने मामले का उद्भेदन किया। पुलिस आरोपित के नेटवर्क और उसकी पूर्व की आपराधिक गतिविधियों की भी जांच कर रही है।-
पूछताछ में अपराधी ने चोरी में अपनी संलिप्तता स्वीकार की। पुलिस ने उसके पास से एक सोने की अंगूठी, एक जोड़ी सोने का मेहंदी छल्ला, एक जोड़ी चांदी की पायल, एक चांदी की अंगूठी और चांदी के टूटे हुए आभूषण का टुकड़ा बरामद किया है। इसके अलावा घटना में इस्तेमाल हथौड़ी और छैनी भी जब्त की गई है। जांच के दौरान पुलिस को सुमित के कदमा थाना क्षेत्र में हुई एक अन्य चोरी में भी शामिल होने की जानकारी मिली है। इस मामले में मोहम्मद जाफर को पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका है। पुलिस अब जाफर को रिमांड पर लेकर पूछताछ करेगी, ताकि साकची और कदमा की घटनाओं के अलावा शहर में हुई अन्य चोरी की वारदातों में दोनों की संलिप्तता का पता लगाया जा सके। पुलिस के अनुसार, सुमित दास का आपराधिक इतिहास भी रहा है। उसके खिलाफ साकची थाना में वर्ष 2020 में चोरी तथा बिष्टुपुर थाना में वर्ष 2025 में चोरी से संबंधित मामला दर्ज है।

