
रांची। फेडरेशन ऑफ झारखंड चेंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज (एफजेसीसीआई) और झारखंड स्किल डेवलपमेंट मिशन सोसाइटी (जेएसडीएमएस) के बीच मंगलवार को चेंबर भवन में एक महत्वपूर्ण समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर हस्ताक्षर किया गया। एमओयू का उद्देश्य राज्य के युवाओं के कौशल विकास, उद्योगों की आवश्यकता के अनुरूप प्रशिक्षित मानव संसाधन उपलब्ध कराने और रोजगार सृजन को बढ़ावा देना है। इस एमओयू पर एफजेसीसीआई की ओर से अध्यक्ष आदित्य मल्होत्रा और झारखंड स्किल डेवलपमेंट मिशन सोसाइटी की ओर से शैलेन्द्र कुमार लाल, भाप्रसे, मिशन निदेशक-सह-मुख्य परिचालन ने हस्ताक्षर किया।
इस अवसर पर एफजेसीसीआई की ओर से महासचिव रोहित अग्रवाल, उपाध्यअक्ष राम बंगार, उपाध्याक्ष प्रवीण लोहिया, प्रियंक भगत और आलोक कुमार (अध्यआक्ष, स्किल डेवलपमेंट सब-कमिटी) उपस्थित थे। वहीं झारखंड स्किल डेवलपमेंट मिशन सोसाइटी की ओर से राजन श्रीवास्तव (फाइनेंस मैनेजर), अमित प्रजापति (ऑपरेशन मैनेजर) और राजीव खरे (प्रोजेक्ट हेड, यूनाइटेड नेशंस डेवलपमेंट प्रोग्राम – (यूएनडीपी) भी मौजूद थे।
एमओयू के तहत झारखंड स्किल डेवलपमेंट मिशन सोसाइटी की ओर से मुख्यमंत्री सारथी योजना (एमएमएसवाई) के अंतर्गत प्रशिक्षित और प्रमाणित युवाओं को एफजेसीसीआई के सदस्य प्रतिष्ठानों की आवश्यकताओं के अनुरूप रोजगार उपलब्ध कराने की दिशा में कार्य किया जाएगा। साथ ही उद्योगों की मांग के अनुसार कौशल प्रशिक्षण, औद्योगिक भ्रमण, ऑन-द-जॉब ट्रेनिंग, अतिथि व्याख्यान और पाठ्यक्रम निर्माण में भी परस्पर सहयोग किया जाएगा। यह समझौता प्रारंभिक रूप से एक वर्ष के लिए प्रभावी रहेगा और आपसी सहमति से इसे आगे भी बढ़ाया जा सकेगा।
एमओयू के अंतर्गत एफजेसीसीआई अपने सदस्य उद्योगों और प्रतिष्ठानों के माध्यम से रोजगार अवसर उपलब्ध कराने के लिए प्रयास करेगा। साथ ही यह सुनिश्चित करने का भी प्रयास किया जाएगा कि चयनित युवाओं को समय पर वेतन, न्यूनतम वेतनमान एवं बेहतर कार्य वातावरण उपलब्ध हो।
इस अवसर पर एफजेसीसीआई अध्यक्ष आदित्य मल्होत्रा ने कहा कि यह साझेदारी झारखंड के युवाओं को उद्योगों की आवश्यकताओं के अनुरूप कौशल प्रदान कर उन्हें गुणवत्तापूर्ण रोजगार से जोड़ने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। इससे उद्योगों को प्रशिक्षित मानव संसाधन उपलब्ध होगा और राज्य में रोजगार एवं औद्योगिक विकास को नई गति मिलेगी। वहीं महासचिव रोहित अग्रवाल ने विश्वास व्यक्त किया कि झारखंड स्किल डेवलपमेंट मिशन सोसाइटी के साथ यह सहयोग राज्य के युवाओं, उद्योग जगत और समग्र आर्थिक विकास के लिए अत्यंत लाभकारी सिद्ध होगा।
