
नई दिल्ली। केंद्र सरकार ने देश में निर्माण और बुनियादी ढांचा क्षेत्र में इस्तेमाल होने वाले उपकरणों के घरेलू उत्पादन को बढ़ावा देने के लिए 11000 करोड़ रुपये खर्च करेगी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में बुधवार को हुई केंद्रीय मंत्रिमंडल की बैठक में निर्माण एवं बुनियादी ढांचा उपकरण विनिर्माण को बढ़ावा देने की योजना को स्वीकृति दी गई। कैबिनेट में लिए गए फैसलों की जानकारी देते हुए केंद्रीय मंत्री अश्विनी वैष्णव ने बताया कि योजना का उद्देश्य भारत को निर्माण और बुनियादी ढांचा उपकरणों के उत्पादन का बड़ा केंद्र बनाना है। इसके साथ ही, आयात पर निर्भरता कम करना है। योजना के तहत टनल बोरिंग मशीन, हाइड्रोलिक एक्सकेवेटर, जहाजों पर माल चढ़ाने-उतारने वाले बड़े क्रेन और भारी माल ढोने वाले ट्रकों जैसे आधुनिक उपकरणों के घरेलू उत्पादन को प्रोत्साहित किया जाएगा। साथ ही, देश में इन उपकरणों की जांच के लिए अत्याधुनिक परीक्षण केंद्र भी स्थापित किए जाएंगे। भारी उद्योग मंत्रालय योजना को लागू करेगा।



कंपनियों को बिक्री बढ़ाने पर मिलेगा प्रोत्साहन : योजना के तहत पात्र कंपनियों को उपकरणों और उनके कलपुर्जों की बिक्री में हुई अतिरिक्त बढ़ोतरी के आधार पर प्रोत्साहन राशि दी जाएगी। इसके लिए दो श्रेणियां बनाई गई हैं। इनमें मूल उपकरण निर्माता (ओईएम) और कलपुर्जे बनाने वाली कंपनियां शामिल हैं। कंपनियों को अतिरिक्त बिक्री के मूल्य पर पांच साल तक 8 से 13 फीसदी की दर से प्रोत्साहन दिया जाएगा। इसके अलावा देश में निर्माण और बुनियादी ढांचा उपकरणों के लिए विशेष परीक्षण केंद्र स्थापित करने के लिए 375 करोड़ रुपये तक की सहायता दी जाएगी।
आठ साल में पूरी होगी योजना : योजना वित्त वर्ष 2026-27 से शुरू होकर आठ साल तक चलेगी। पहले दो साल (2026-27 और 2027-28) में विनिर्माण इकाइयां स्थापित करने के लिए तैयारी का समय दिया जाएगा। इसके बाद वित्त वर्ष 2028-29 से 2032-33 तक पांच साल प्रोत्साहन राशि दी जाएगी। अंतिम वर्ष 2033-34 में वित्त वर्ष 2032-33 की अतिरिक्त बिक्री के आधार पर प्रोत्साहन राशि का निपटान किया जाएगा। योजना अवधि के दौरान करीब 21 हजार करोड़ रुपये का निवेश आकर्षित होने की उम्मीद है।
भारत का निर्माण और बुनियादी ढांचा उपकरण उद्योग दुनिया में तीसरे स्थान पर है। चीन और अमेरिका भारत से आगे हैं। आंकड़े बताते हैं कि वित्त वर्ष 2024-25 में भारत का कुल बाजार करीब 97,500 करोड़ रुपये का था, जिसमें से करीब 45 प्रतिशत आयात किए गए। अब सड़क, बंदरगाह और आवास क्षेत्र में तेजी से बढ़ते निवेश के चलते वित्त वर्ष 2029-30 तक बढ़कर करीब 2.28 लाख करोड़ रुपये होने का अनुमान है। ऐसे में सरकार का मानना है कि योजना से देश में आधुनिक तकनीक वाले उपकरणों का उत्पादन बढ़ेगा। इससे रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे, आपूर्ति श्रृंखला मजबूत होगी और भारतीय कंपनियों की वैश्विक बाजार में प्रतिस्पर्धा करने की क्षमता बढ़ेगी।
तमिलनाडु के कामराजार पोर्ट पर बनेगा दूसरा कंटेनर टर्मिनल
कैबिनेट ने तमिलनाडु स्थित कामराजार पोर्ट पर दूसरे कंटेनर टर्मिनल के निर्माण को मंजूरी दी है। इस परियोजना पर 4,288 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। इस परियोजना से बंदरगाह की कंटेनर हैंडलिंग क्षमता बढ़ाने और समुद्री व्यापार को मजबूती देने में मदद मिलने की उम्मीद है। इससे लॉजिस्टिक्स और माल परिवहन व्यवस्था को भी फायदा होगा।
असम के सिलचर में बनेगा ग्रीनफील्ड एयरपोर्ट
पूर्वोत्तर भारत के लिए भी कैबिनेट ने बड़ा फैसला लिया है। असम के डोलू, सिलचर में नए ग्रीनफील्ड एयरपोर्ट के निर्माण को मंजूरी दी गई है। इस परियोजना पर 2,014 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। नए एयरपोर्ट से क्षेत्र में हवाई कनेक्टिविटी मजबूत होने और पर्यटन एवं व्यापार को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।

