
नई दिल्ली। कांग्रेस ने अपने संगठन में बड़ा फेरबदल करते हुए AICC सचिवों की नई सूची जारी की है। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे की मंजूरी के बाद पार्टी के महासचिव एवं सांसद केसी वेणुगोपाल ने गुरुवार को 81 सचिवों की नियुक्ति और उनकी जिम्मेदारियों के आवंटन का आदेश जारी किया। नई सूची में विभिन्न राज्यों, केंद्र शासित प्रदेशों और पार्टी के केंद्रीय संगठन से जुड़ी जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। सभी नियुक्तियां तत्काल प्रभाव से लागू होंगी।



नई सूची में प्रणव झा को कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे के कार्यालय की जिम्मेदारी दी गई है, जबकि झारखंड के बड़कागांव से पूर्व विधायक अंबा प्रसाद समेत कई पुराने सचिवों को जिम्मेदारी से मुक्त किया गया है । वहीं उत्तर प्रदेश को छह सचिव मिले हैं। इनमें अभिषेक दत्त, वरुण चौधरी, कुणाल चौधरी, जगदीश चंदर जांगिड़, अब्दुल हन्नान और संजीव आर्य शामिल हैं। राजस्थान में विश्व विजय सिंह, पोरलाक खारते, डॉ. पलक वर्मा और मनोज बागड़ी को जिम्मेदारी सौंपी गई है। गुजरात में रामकिशन ओझा, सुभाषिनी यादव, हेम सिंह शेखावत और नरेश ठाकुर को सचिव बनाया गया है। अन्य राज्यों में भी कई सचिवों को नियुक्त किया गया है।
केंद्रीय संगठन में भी जिम्मेदारियों का बंटवारा: कांग्रेस ने राज्यों के अलावा पार्टी के केंद्रीय संगठन में भी अहम जिम्मेदारियां तय की हैं। प्रणव झा और गौरव पांधी को कांग्रेस अध्यक्ष के कार्यालय से जुड़ी जिम्मेदारी दी गई है। डॉ. विनीत पुनिया और रुचिरा चतुर्वेदी को कम्युनिकेशन, पब्लिसिटी, मीडिया, सोशल और डिजिटल मीडिया का काम सौंपा गया है।
25 निवर्तमान सचिवों और संयुक्त सचिवों की विदाई : नई सूची के साथ कांग्रेस ने 25 निवर्तमान AICC सचिवों और संयुक्त सचिवों की विदाई भी की है। इनमें अंबा प्रसाद, बीएम संदीप, चेतन चौहान, चिरंजीव राव, क्रिस्टोफर तिलक, देवेंद्र यादव, दिव्या मदेरना और मंसूर अली खान शामिल हैं।
