
नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने गुरुवार को देश के उद्यमियों से एक बार फिर आत्मनिर्भरता के लिए काम करने और उन सेक्टरों में निवेश करने की अपील की जिनमें देश आयात पर निर्भर है। मोदी ने उद्योग मंडल फिक्की के 100 साल के मौके पर संगठन की वार्षिक आम सभा को संबोधित करते हुए कहा कि ऐसे दौरा में जब संसाधनों के व्यापार में उन्हें हथियार की तरह इस्तेमाल किया जा रहा है, देश को सुरक्षित रखने के लिए जरूरी क्षमता पर काम करने की जरूरत है। उन्होंने अगले 20 साल में विकसित भारत का लक्ष्य हासिल करने के लिए उद्योग जगत से हर फैसले में इंडिया फर्स्ट की भावना से काम करने की अपील की। प्रधानमंत्री ने कहा कि फार्मा, इस्पात, एल्यूमीनियम, खनिज और कृषि उत्पादों जैसे कई क्षेत्र हैं जिनमें आत्मनिर्भर बनने की जरूरत है।



12 साल में 50 करोड़ लोग गरीबी से बाहर आए : भारत फ्रेजाइल फाइव से बाहर निकलकर दुनिया में सबसे तेज गति से प्रगति करने वाला देश बन गया है। गरीबी से बाहर निकलने की रफ्तार भी सबसे तेज रही है। विश्व बैंक की हालिया रिपोर्ट का हवाला देते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि पिछले 12-13 साल में 50 करोड़ से अधिक लोग गरीबी रेखा से बाहर आए हैं। उन्होंने कहा कि गरीबी हटाओ का नारा 1970 के दशक में दिया गया था। उस समय देश की आबादी ही 50 करोड़ थी। यदि तत्कालीन सरकार चाहती तो गरीबी तब भी हट सकती थी, लेकिन तब नीतियों में कमी रही, और नीयत में भी कमी रही। साथ ही निर्यात बढ़ाने के लिए वैश्विक ग्राहकों की जरूरत को समझने और उनके लिए उत्पाद तैयार करने तथा घरेलू ग्राहकों के लिए वैश्विक गुणवत्ता के उत्पाद तैयार करने की अपील की। उन्होंने कहा कि भारत गेहूं का निर्यात करता है जबकि ब्रेड आयात करता है। बॉक्साइट के भंडार होने के बाद भी विशिष्ट श्रेणी के एल्युमीनियम का आयात होता है। लौह अयस्क का निर्यातक होने के बावजूद हम तैयार इस्पात का आयात करते हैं।
फार्मा उद्योग में एपीआई, बल्क ड्रग और ड्रग इंटरमीडिएट पर हर साल अरबों डॉलर की विदेशी मुद्रा खर्च होने का उल्लेख करते हुए उन्होंने उद्योग जगत से आत्मचिंतन करने के लिए कहा कि इनमें से कौन से इंग्रेडिएंट देश में बन सकते हैं। पिछले 12-13 साल के दौरान कारोबार की आसानी के लिए बनाई गई नीतियों को रेखांकित करते हुए मोदी ने कहा कि पूंजी निमार्ताओं का सम्मान करके ही देश आगे बढ़ सकता है, उन्हें दिन-रात गालियां देकर नहीं।
उन्होंने कहा कि मौजूदा सरकार ने कॉपोर्रेट कर की दर 30 प्रतिशत से घटाकर 22 प्रतिशत कर दी है। बारह लाख रुपये तक की आय को कर-मुक्त कर दिया है। इससे लोगों की क्रय शक्ति बढ़ी है। उन्होंने पूछा कि क्या उद्योग जगत ने अपने कर्मचारियों का वेतन बढ़ाया, क्या कर्मचारियों की संख्या बढ़ाई। उन्होंने कहा कि मौजूदा समय में देश के युवाओं, किसानों और उद्यमियों ने स्थिति बदली है।
भारत दुनिया की सबसे तेजी से बढ़ती बड़ी अर्थव्यवस्था : अगले 20 साल के लिए उद्योग जगत को लक्ष्य देते हुए पीएम मोदी ने मिलकर योजना तैयार करने, दुनिया की जरूरत को समझने और उसके अनुरूप निर्यात के लिए उत्पाद तैयार करने का सुझाव दिया। उन्होंने कहा कि भारत के उत्पाद दुनिया में देश की पहचान बनने चाहिए। वैश्विक कृषि निर्यात में देश की हिस्सेदारी मात्र 2.5 प्रतिशत है। हैंड टूल और पावर टूल निर्यात में हिस्सेदारी काफी कम है। मशीनरी विनिर्माण और पैकेजिंग उपकरण निर्माण में हम पीछे हैं। इन सभी क्षेत्रों में काफी अवसर हैं। उन्होंने कहा कि पिछले 100 साल में देश के उद्योग जगत ने आगे बढ़ने में काफी काम किया है। इसी का परिणाम है कि अक्टूबर में देश का माल निर्यात 50 अरब डॉलर के पार पहुंच गया। इसके बावजूद कई ऐसे क्षेत्र हैं जिनमें अब भी काफी संभावना है।

