
रांची। विश्व बाल दिवस पर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने शुक्रवार को कांके स्थित आवासीय कार्यालय पर यूनिसेफ से जुड़े बाल पत्रकारों से मुलाकात की। अलग अलग विद्यालयों के विद्यार्थियों से मुख्यमंत्री ने आत्मीयता से बातचीत की।ध्यान से उन्हें सुना। बेहतर भविष्य के लिए उन्हें समझाया। खेलकूद की महत्ता की चर्चा उठी तो मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन बोले कि सूबे के सभी पंचायतों में खेल मैदान बनाए जाएंगे। तुरंत यह नहीं हो सकता। कुछ वक्त लगेगा। यह सरकार का लक्ष्य है।



उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों की पढ़ाई में सुविधा के लिए सभी जिलों में पुस्तकालय बनाए जा रहे हैं। बच्चों के संपूर्ण विकास के लिए पुस्तकों के साथ खेलकूद भी उतना ही अनिवार्य है। सीएम ने बताया कि अधिकारियों को एक दिन उनके क्षेत्र के स्कूलों में रहकर विद्यार्थियों से बातचीत करने के निर्देश दिए गए हैं। बाल पत्रकारों ने मुख्यमंत्री को बताया कि बाल विवाह और बाल श्रम जैसी सामाजिक कुरीतियों की रोकथाम तथा स्कूल से ड्रॉप आउट बच्चों को पुन: मुख्यधारा में लाने से उन लोगों ने भूमिका निभाई है। बाल पत्रकारों की कई जिज्ञासा थी। उनके सवालों का सीएम ने जवाब दिया।
मुख्यमंत्री बोले कि बाल विवाह कानूनी अपराध है, तो प्रकृति के भी विरुद्ध है। विद्यालयों में माहवारी जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। किशोरियों को सैनेटरी पैड भी उपलब्ध कराए जा रहे हैं। शिक्षकों को गैर शैक्षणिक कार्यो से दूर रखने के लिए समीक्षा कर समाधान निकालने का प्रयास होगा।
सरकारी स्कूलों में भी खेल प्रतिभा निखारने के लिए सरकार द्वारा खेल सामग्री उपलब्ध कराने का निर्णय लिया गया है। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों की जागरूकता और आत्मविश्वास आश्चर्यचकित करने वाला है। यही बच्चे भविष्य में अच्छे नेतृत्वकर्ता बनेंगे। बाल पत्रकारों के अनुभव दूसरे बच्चों को भी अपने अधिकारों के प्रति जागरूक होकर आवाज उठाने को प्रेरित करेंगे।

