रांची। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष और सांसद आदित्य साहू ने गुरुवार को रांची के हरमू स्थित गंगा नगर में भाजपा समर्थित मेयर प्रत्याशी रोशनी खलखो के समर्थन में आयोजित महिला सम्मेलन को संबोधित किया।

कार्यक्रम में साहू ने कहा कि रोशनी खलखो एक जुझारू, संघर्षशील प्रत्याशी हैं जो महिला सशक्तिकरण के लिए संकल्पित हैं। पिछले चुनाव में वे निर्विरोध पार्षद बनने वाली लोकप्रिय नेता रही हैं। रोशनी खलखो के दिल में रांची नगर निगम के घर घर को रोशन करने का संकल्प है। उन्होंने कहा कि आज राज्य की राजधानी रांची पूरी तरह असुरक्षित हो गई है। राजधानी और आसपास के क्षेत्रों में बहन बेटियों के साथ दुष्कर्म, लूट, छिनतई की घटनाएं आम हो गईं हैं। महिलाएं घर से देर शाम निकलने में डरती हैं।

साहू ने कहा कि अब तो महिलाओं के साथ उनके बच्चे भी असुरक्षित हैं। कब कौन बच्चा गायब हो जाएगा, उसकी कब चोरी हो जाएगी ये किसी को पता नहीं। राजधानी में बच्चा चोर गिरोह घूमते रहते हैं और पुलिस वसूली में लगी रहती है। उन्होंने कहा कि पिछले छह वर्षों में राज्य से हजारों बच्चे गायब हुए हैं। सभी गरीब के बच्चे हैं लेकिन जब भाजपा कार्यकर्ताओं ने राज्य के पुलिस प्रशासन को चेतावनी दी, आंदोलन किए, रांची बंद की घोषणा की तो अंश, अंशिका, कन्हैया जैसे 60 बच्चे बरामद हुए।लेकिन अभी भी सैकड़ों बच्चे लापता हैं।

उन्होंने कहा कि राज्‍य में गांव और नगर सभी जगह विधि व्यवस्था ध्वस्त हो चुकी है। व्यावसायियों को धमकियां मिल रही हैं। उन्‍होंने कहा कि अब तो भाजपा समर्थित प्रत्याशियों को भी जान से मारने की धमकी मिल रही है।

उन्होंने कहा कि भाजपा की सरकार ने ही गरीब, दलित और वंचितों बहन बेटियों की चिंता की। महिलाओं को 33 प्रतिशत आरक्षण दिया। एक रूपये में 50 लाख रुपये की सम्पत्ति की रजिस्ट्री भाजपा सरकार की देन थी। इसके अतिरिक्त महिला सशक्तिकरण के लिए अनेक कार्य किए गए थे उन्होंने कहा कि भाजपा की सरकार ही महिला सशक्तिकरण, महिला सुरक्षा और महिला सम्मान के लिए समर्पित है। उन्होंने कहा उपस्थित लोगों से कहा कि जो महिलाओं को सम्मान, सुरक्षा दे उसे ही ताकत दें। जो परेशान करे उसे पराजित करें। उन्होंने कहा कि रोशनी खलखो जनभावनाओं पर खरी उतरेंगी और सुख दुख की सहभागी बनेंगी।

जिला अध्यक्ष वरुण साहू ने भी रोशनी खलखो को बिस्किट छाप पर मुहर लगाकर भारी मतों से जीताने की अपील की। उन्‍होंने कहा कि भाजपा समर्थित उम्मीदवार को जीत दिलाकर राज्य की भ्रष्ट और निकम्मी सरकार जो सत्ता के बल पर लोकतंत्र का गला घोंट रही हैं उसे सबक सिखाएं। मंच संचालन मंडल अध्यक्ष इंद्रजीत यादव ने किया। इस अवसर पर सैकड़ों महिलाएं उपस्थित थी।

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version