
रांची। भारत और वेस्टइंडीज के बीच नौ अक्टूबर को होने वाले क्रिकेट मैच को लेकर दर्शकों का उत्साह अभी से दिखने लगा है। टिकट लेने के लिए रविवार शाम करीब सात बजे धुर्वा स्थित जेएससीए स्टेडियम के बाहर बनाए गए बेरिकेडिंग में करीब 700 दर्शक पहुंचकर कतार में खड़े हो गए। दर्शकों को उम्मीद थी कि रातभर यहीं रहकर सुबह टिकट काउंटर खुलते ही टिकट ले लेंगे।
करीब डेढ़ घंटे तक दर्शक बेरिकेडिंग में खड़े रहे। इसकी जानकारी मिलने पर धुर्वा थाना की पुलिस और डीएसपी मौके पर पहुंचे और सभी को बेरिकेडिंग से बाहर कराया। इनमें महिलाएं भी बड़ी संख्या में थीं। कई महिलाएं चटाई और चादर लेकर पहुंची थीं, ताकि रातभर इंतजार कर सुबह टिकट ले सकें।
बेरिकेडिंग से बाहर किए जाने के बाद भी कई दर्शक स्टेडियम के आसपास ही रुके रहे। कोई पेड़ के नीचे, कोई दुकान के पास तो कुछ लोग अपनी गाड़ियों में सुबह होने का इंतजार करने लगे। टिकट लेने पहुंचे दर्शकों में झारखंड के विभिन्न जिलों के अलावा बिहार के क्रिकेट प्रेमी भी शामिल थे।

