पटना । राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव ने जिन कैंडिडेट को सिंबल दिए हैं, उनमें शहाबुद्दीन के बेटे का नाम भी शामिल है। दिवंगत पूर्व सांसद शहाबुद्दीन के बेटे ओसामा शहाब को राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव ने पार्टी सिंबल देकर राजद के टिकट के चुनाव लड़ने की हरी झंडी दिखा दी है। शहाबुद्दीन के बेटे ओसामा शहाब को लालू प्रसाद यादव ने खुद सिंबल दिया। इसकी गवाही ताजा तस्वीर भी दे रही है। लेकिन उम्मीद के उलट ओसामा शहाब सिवान से विधानसभा चुनाव नहीं लड़ेंगे। वो सिवान में ही रघुनाथपुर विधानसभा सीट से राजद के टिकट पर मैदान में उतर गए हैं।

हिना शहाब ने लालू से कही थी ये बात : सिवान के बाहुबली नेता रहे शहाबुद्दीन की पत्नी और ओसामा शहाब की मां हिना शहाब ने चुनाव से बहुत पहले ही राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव और पार्टी के नेता तेजस्वी यादव से मुलाकात की थी और अपने बेटे ओसामा को रघुनाथपुर सीट से उम्मीदवार बनाने का प्रस्ताव रखा था। मुलाकात के बाद हिना शहाब ने कहा था कि, रघुनाथपुर हमारी पारंपरिक सीट है, इसलिए हमने मांग की है कि मेरे बेटे ओसामा को यहां से टिकट दिया जाए।

इस नेता ने छोड़ी सीट : हिना शहाब की मांग के बाद रघुनाथपुर सीट से मौजूदा विधायक हरिशंकर यादव ने ओसामा के लिए रघुनाथपुर सीट छोड़ दी। रघुनाथपुर विधानसभा सीट काफी अहम मानी जा रही है जो फिलहाल राजद के हिस्से में है और जहां से राजद के टिकट से चुनाव जीतकर हरिशंकर यादव ने दो बार यहां जीत दर्ज की है।

इस दफे लालू ने खुद मोर्चा संभाला
2020 में तेजस्वी यादव ने ATOZ की बात करते हुए चुनाव लड़ा था। तब पोस्टरों से लालू और राबड़ी की तस्वीर भी गायब थी। लेकिन इस चुनाव में बेटे तेजस्वी को मुख्यमंत्री बनाने के लिए लालू यादव ने खुद मोर्चा संभाल लिया है। इसीलिए वो फिर से अपने माय यानी मुस्लिम यादव समीकरण को दुरुस्त करने में जुट गए हैं। माना जा रहा है कि इसी कड़ी में शहाबुद्दीन के परिवार की पार्टी से नाराजगी दूर करने के लिए ओसामा शहाब को टिकट दिया गया है।

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version