रांची। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मन की बात के 134वें एपिसोड की शुरूआत झारखंड की राजधानी रांची से की। राष्ट्रीय एथलेटिक्स प्रतियोगिता में 100 मीटर दौड़ के राष्ट्रीय रिकॉर्ड को लेकर प्रधानमंत्री ने दो एथलीटों की सराहना की, जिससे स्थानीय भाजपा कार्यकतार्ओं में उत्साह की लहर दौड़ गई। मई के अंतिम रविवार को प्रसारित कार्यक्रम में प्रधानमंत्री मोदी ने रांची में हाल ही में आयोजित राष्ट्रीय एथलेटिक्स प्रतियोगिता का जिक्र करते हुए कहा कि दो दिनों में 100 मीटर दौड़ में तीन बार राष्ट्रीय रिकॉर्ड बने। उन्होंने एथलीट गुरिंदर और अनिमेष की प्रशंसा की और दोनों से सीधे बातचीत की।

गुरिंदर ने प्रधानमंत्री को अपनी सफलता के पीछे के संघर्ष की कहानी सुनाते हुए कहा कि जीवन में तकलीफें आएंगी, लेकिन ऊंचे सपने देखना नहीं छोड़ना चाहिए। अनिमेष ने बताया कि शुरूआत में एथलेटिक्स चुनने को लेकर झिझक थी, लेकिन अब उन्हें विश्वास है कि भारतीय एथलीट भी 100 मीटर में अंतरराष्ट्रीय स्तर पर रिकॉर्ड बना सकते हैं और पदक जीत सकते हैं। दोनों ने कॉमनवेल्थ गेम्स के लिए चयन होने की जानकारी भी दी।

दोनों एथलीट आपस में अच्छे मित्र हैं। प्रधानमंत्री से बातचीत में उन्होंने बताया कि वे एक-दूसरे के रिकॉर्ड तोड़ने की होड़ में लगे रहते हैं, लेकिन एक-दूसरे की मदद भी करते हैं। गुरिंदर और अनिमेष ने कहा कि हम ग्राउंड के बाहर दोस्त और ट्रैक पर प्रतिस्पर्धी हैं। प्रधानमंत्री मोदी ने उनकी इस स्वस्थ स्पर्धा की सराहना की और कहा कि दोनों देश का नाम रोशन करेंगे।

भाजपा कार्यालय में नेताओं ने सुनी मन की बात: रांची के हरमू स्थित पार्टी के प्रदेश कार्यालय में भाजपा नेताओं और कार्यकतार्ओं ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कार्यक्रम मन की बात के 134 वें संस्करण को पूरे उत्साह के साथ सुना। इस दौरान मुख्य रूप से प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू, नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी, बिहार-झारखंड के क्षेत्रीय संगठन महामंत्री नागेन्द्र नाथ त्रिपाठी, संगठन महामंत्री कर्मवीर सिंह मौजूद थे। साहू ने कहा कि मन की बात कार्यक्रम में प्रधानमंत्री हर बार देशवासियों को कई प्रकार की प्रेरणादायी बातें बताते हैं। रविवार के कार्यक्रम में उन्होंने बढ़ती गर्मी और हीटवेव की स्थिति पर चिंता व्यक्त करते हुए देशवासियों से सतर्क एवं सजग रहने का आग्रह किया। उन्होंने पर्याप्त मात्रा में पानी पीने, स्वयं को हाइड्रेट रखने, जरूरतमंद लोगों की सहायता करने एवं पशु-पक्षियों के लिए भी जल की व्यवस्था सुनिश्चित करने का संदेश दिया।

नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने कहा कि प्रधानमंत्री ने मन की बात कार्यक्रम में रांची में आयोजित नेशनल फेडरेशन कप में भारतीय एथलीट गुरिंदरवीर सिंह के उत्कृष्ट प्रदर्शन का उल्लेख कर सामान्य और मध्यमवर्गीय परिवारों से आने वाले खेल प्रतिभाओं का उत्साहवर्धन किया है। इसके साथ ही प्रधानमंत्री ने जल संरक्षण, पर्यावरण संरक्षण और राष्ट्र निर्माण में नागरिकों की सक्रिय भागीदारी के महत्व पर भी बल दिया।

बाबूलाल मरांडी ने पश्चिम बंगाल में टीएमसी सांसद अभिषेक बनर्जी पर हुए हमले की निंदा की। उन्होंने कहा कि यह घटना लोकतंत्र के लिए ठीक नहीं है। हालांकि उन्होंने साफ किया कि इस घटना से भाजपा का कोई लेना-देना नहीं है। उन्होंने भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के छह और सात जून को रांची दौरे को लेकर बाबूलाल मरांडी ने कहा कि यह दौरा पहले से तय है और इसका राज्यसभा चुनाव से कोई संबंध नहीं है। उन्होंने बताया कि राज्यसभा चुनाव को लेकर स्थानीय स्तर पर बैठक हुई है और केंद्रीय नेतृत्व अंतिम फैसला लेगा। मौके पर प्रदेश उपाध्यक्ष बालमुकुंद सहाय, प्रदेश महामंत्री अमर कुमार बाऊरी एवं मनोज सिंह सहित कई पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित थे ।

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version