
पटना। जमुई में बच्ची के साथ गंदी हरकत पर जदयू विधायक अनंत सिंह ने मुख्यमंत्री का बचाव किया। ऐसे अपराध करने वालों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की वकालत की। पटना में पत्रकारों से बातचीत के दौरान अनंत सिंह ने कहा कि बच्चियों और महिलाओं के साथ इस तरह की हरकत करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि ऐसे लोगों को एक दिन में ही मार देना चाहिए। ऐसे अपराधियों को मारने वाले को भी पुण्य मिलेगा।उन्होंने कहा कि इस तरह का अपराध करने वाला राक्षस है। जहां ऐसा राक्षस मिले, वहीं उसे मार देना चाहिए। जमुई में आरोपित की गिरफ्तारी और पुलिस मुठभेड़ के संबंध में पूछे जाने पर उन्होंने इसे जरूरी कार्रवाई बताया।
जमुई की घटना का जिक्र होने पर अनंत सिंह ने अपने खास अंदाज में कहा, “कोई जमुई-उमुई हम नहीं जानते हैं। जो रेप-तेप करेंगे, उसका मर्डर होगा।” उन्होंने कहा कि ऐसे अपराधियों को अपराध करने के समय ही सजा मिलनी चाहिए। जमुई की घटना के बाद विपक्ष की ओर से मुख्यमंत्री के इस्तीफे की मांग को लेकर भी अनंत सिंह ने प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि आखिर मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी क्या करेंगे। सरकार का काम घटना के बाद त्वरित और कठोर कार्रवाई करना है और पुलिस ने कार्रवाई की है। अनंत सिंह ने मुख्यमंत्री के उस बयान का भी समर्थन किया, जिसमें उन्होंने कहा था कि अपराधी की कोई जाति नहीं होती।
तेजस्वी यादव को दी नसीहत : जमुई कांड को लेकर राज्य की कानून-व्यवस्था पर सवाल उठा रहे नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव पर भी अनंत सिंह ने निशाना साधा। उन्होंने कहा कि ऐसे संवेदनशील मामलों में सभी नेताओं को दलगत राजनीति से ऊपर उठकर पीड़िता की मदद करनी चाहिए। उन्होंने विपक्ष पर वोट बैंक की राजनीति करने का आरोप लगाया और कहा कि जमुई पुलिस ने जिस तरह कार्रवाई की है, उस पर पूरे प्रदेश को गर्व होना चाहिए।
