रांची। युवा सामाजिक एवं व्यापारिक संगठन जेसीआई रांची का सात दिवसीय एक्सपो उत्सव 2026 एक से सात अक्टूबर तक मोराबादी मैदान में आयोजित होगा। एक्सपो की 29वीं वर्षगांठ के अवसर पर बुधवार को जेसीआई कार्यालय में मेले का पोस्टर जारी किया गया। एक्सपो के मुख्य समन्वयक जेसी एचजीएफ सीए प्रशांत पाटोदिया ने बताया कि इस वर्ष मेले में देश के विभिन्न शहरों से करीब 400 स्टॉल लगाए जाएंगे। इनमें प्रमुख ब्रांड, स्टार्टअप और आॅटोमोबाइल क्षेत्र की कंपनियां शामिल होंगी।उन्होंने बताया कि एक्सपो परिसर में विभिन्न मनोरंजक और प्रतिभा आधारित कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इनमें जूनियर मास्टरशेफ, चित्रकला प्रतियोगिता, ट्रेजर हंट, तंबोला, डॉग शो, वॉयस आॅफ एक्सपो, एक्सपो टैंक, डांस और योग प्रतियोगिताएं शामिल हैं।संस्था के मीडिया प्रभारी जेसी वरुण जालान ने बताया कि एक्सपो का पोस्टर रांची के विभिन्न प्रतिष्ठित प्रतिष्ठानों, स्कूलों और मंदिरों में लगाया जाएगा। उन्होंने कहा कि इस बार क्यूआर कोड के माध्यम से प्रवेश टिकट की बुकिंग के साथ एक्सपो में आयोजित होने वाले विभिन्न कार्यक्रमों के लिए आॅनलाइन पंजीकरण की सुविधा भी उपलब्ध होगी। उन्होंने बताया कि ‘एक्सपो उत्सव 2026 के प्रिंसिपल स्पॉन्सर पंचरत्न स्काईलाइन हैं। पोस्टर विमोचन कार्यक्रम में जेसीआई रांची के पदाधिकारी और अन्य सदस्य मौजूद रहे।

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version