रांची। राज्यसभा चुनाव को लेकर खाली हो रही दो सीटों में से एक पर दावेदारी करने पहुंचे कांग्रेस के सीनियर नेता तेलंगाना के डिप्टी सीएम मल्लू भट्टी विक्रमार्क और झारखंड प्रदेश कांग्रेस के प्रभारी के. राजू शनिवार की सुबह एक बार फिर मुख्यमंत्री आवास पहुंचे और यहां लगभग एक घंटा बात करने के बाद दोनों नेता लौट गए। विक्रमार्क तेलंगाना रवाना हुए तो राजू शाम की फ्लाइट से नई दिल्ली पहुंचेंगे। जाने के पूर्व दोनों नेताओं ने राज्यसभा चुनाव को लेकर कांग्रेस की दावेदारी पर अंतिम बात की है और माना जा रहा है कि कांग्रेस का चेहरा होगा, टिकट भी कांग्रेस देगी लेकिन पसंद मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन करेंगे।

अब पूरा मामला चेहरे को लेकर अटक गया है। इसके पूर्व भी दोनों दलों के बीच मार्च 2024 में हुए राज्यसभा चुनाव में इससे मिलता-जुलता समझौता हो चुका है। उस वक्त कांग्रेस विधायक सरफराज अहमद झामुमो के टिकट से राज्यसभा पहुंचे थे। विधानसभा में उनकी सीट पर झामुमो की कल्पना सोरेन (मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की पत्नी) को चुनाव लड़ाया गया और वह जीत भी गईं।

शनिवार को वापस लौटने के पूर्व कांग्रेस नेताओं ने प्रदेश कांग्रेस के पदाधिकारियों को समझौता होने से संबंधित संकेत दिए। पार्टी नेताओं ने जानकारी दी कि मुख्यमंत्री आवास में सुबह के नाश्ते पर कांग्रेस के सीनियर नेताओं का आगमन हुआ। पीछे से कुछ देर बाद प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष केशव महतो कमलेश भी पहुंचे। मुख्यमंत्री के साथ चर्चा करने के बाद कांग्रेस के दोनों सीनियर नेता वापस लौट गए।

तेलंगाना के डिप्टी सीएम सीधे अपने राज्य लौट गए तो वापसी के पूर्व राजू ने प्रदेश के सीनियर नेताओं से स्टेट गेस्ट हाउस में फिर मुलाकात की। यहां उन्होंने स्पष्ट तौर पर कहा कि विधायकों से हुई बातचीत के आधार पर पार्टी आलाकमान को पूरी रिपोर्ट सौंपी जाएगी।

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version