
पटना। सरकार ने समाज के कमजोर एवं वंचित वर्गों के लिए संचालित योजनाओं के प्रति प्रतिबद्धता प्रकट की है। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने सोमवार को लोक सेवक आवास स्थित संकल्प में समाज कल्याण विभाग की समीक्षा की। उन्होंने विभाग के अपर मुख्य सचिव एचआर श्रीनिवास को हर हाल में सामाजिक सुरक्षा पेंशन महीने के 10 तारीख तक लाभार्थियों के खाते में भिजवाने की व्यवस्था सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए।



पेंशन भुगतान को लेकर अधिकारियों से कहा कि किसी प्रकार की देरी नहीं होनी चाहिए। साथ ही आंगनबाड़ी केंद्रों पर दी जाने वाली सेवाओं की तकनीक के माध्यम से गहन निगरानी की ओर ध्यान आकृष्ट। उन्होंने कहा कि सेविका/सहायिका तथा शत प्रतिशत लक्षित बच्चों की उपस्थिति सुनिश्चित की जाए।मुख्यमंत्री ने कहा कि आंगनबाड़ी केंद्र जितना अच्छा बनेगा, बच्चों का विकास उतना ही अच्छा होगा। राज्य में स्टंटिंग एवं वेस्टिंग के आंकड़ों में सुधार करना हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है।
उन्होंने परवरिश योजना सहित अन्य सामाजिक कल्याण योजनाओं के दायरे का विस्तार करते हुए अधिक से अधिक पात्र लाभार्थियों को लाभान्वित किया जाए। समाज कल्याण विभाग में रिक्त पदों को भरने की कार्रवाई की जाए। उन्होंने कहा कि आंगनबाड़ी केंद्रों के संचालन को सुदृढ़ बनाने के लिए कॉरपोरेट सोशल रिस्पॉन्सिबिलिटी (सीएसआर) के माध्यम से सहयोग प्राप्त करने की संभावनाओं पर कार्य किया जाए।

