
रांची । धुर्वा स्थित तिरिल केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) मुख्यालय में रविवार को एक जवान ने अपनी सर्विस राइफल से गोली मारकर खुदकुशी कर ली। मृतक जवान की पहचान पलामू जिले के हुसैनाबाद अनुमंडल के हैदरनगर थाना क्षेत्र स्थित इमलियाटीकर गांव निवासी भुनेश्वर पाल (पिता- रामलखन पाल) के रूप में हुई है।



बताया गया कि भुनेश्वर पाल तिरिल स्थित सीआरपीएफ मुख्यालय में तैनात थे। ड्यूटी के दौरान उन्होंने अपनी आवंटित एके-47 राइफल से गोली चला दी। गोली गर्दन में लगने से अत्यधिक रक्तस्राव हुआ और उनकी मौके पर ही मौत हो गई। गोली चलने की आवाज सुनकर सीआरपीएफ परिसर में अफरा-तफरी मच गई। सहकर्मियों ने तत्काल वरिष्ठ अधिकारियों और स्थानीय विधानसभा थाना पुलिस को घटना की सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू की। घटनास्थल से दो खोखे बरामद किए गए हैं।
घटना की संवेदनशीलता को देखते हुए फोरेंसिक साइंस लैब की टीम को भी मौके पर बुलाया गया। टीम ने घटनास्थल से फिंगरप्रिंट समेत अन्य तकनीकी साक्ष्य एकत्र किए हैं। पुलिस मामले की विभिन्न पहलुओं से जांच कर रही है। जवान के परिजनों को घटना की सूचना दे दी गई है। पुलिस का कहना है कि परिजनों के बयान और जांच के बाद ही घटना के पीछे की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी। सीआरपीएफ आईजी साकेत सिंह ने जवान की मौत की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि जवान की गोली लगने से मौत हुई है। फिलहाल घटना के कारणों का पता नहीं चल सका है

