
रांची। झारखंड में शराब घोटाला मामले में मनी लांड्रिंग के बिंदु पर जांच कर रही ईडी ने झारखंड सरकार के पूर्व वित्त मंत्री रामेश्वर उरांव के बेटे रोहित उरांव से सोमवार को दिनभर पूछताछ की। रोहित उरांव ईडी के दूसरे समन पर पूछताछ में शामिल होने के लिए ईडी के रांची एयरपोर्ट रोड स्थित क्षेत्रीय कार्यालय में पहुंचे थे। ईडी ने उनसे पूर्व की उत्पाद नीति के दौरान शराब के धंधे में निवेश, योगेंद्र तिवारी व अधिकारियों-नेताओं के करीबी रहे प्रेम प्रकाश से संबंधों पर भी ईडी ने उनसे पूछताछ की है। रोहित उरांव ने अपने जवाब से ईडी के अधिकारियों को संतुष्ट करने का प्रयास किया है। अब ईडी उनके जवाब की समीक्षा कर रही है।
मंगलवार को ईडी पूर्व वित्त मंत्री रामेश्वर उरांव से भी पूछताछ करेगी। रामेश्वर उरांव लोहरदगा सीट से कांग्रेस के विधायक हैं। ईडी को जानकारी मिली थी कि पूर्व की उत्पाद नीति के दौरान रोहित उरांव ने शराब के धंधे में काले धन का निवेश किया, जिसमें योगेंद्र तिवारी व प्रेम प्रकाश का भी सहयोग मिला।
इन्हीं सभी बिंदुओं पर रोहित उरांव से पूछताछ की गई है। रोहित उरांव से चार साल पुराने इंफोर्समेंट केस इंफार्मेशन रिपोर्ट (ईसीआइआर) के आधार पर ईडी ने पूछताछ की है।
ईडी ने देवघर में दर्ज चार अलग-अलग प्राथमिकियों के आधार पर 31 मार्च 2022 को ईसीआइआर दर्ज की थी। इसके बाद देवघर व जामताड़ा से जुड़े करीब 15 अन्य प्राथमिकियों को भी अपने इस ईसीआइआर से अटैच किया था। ये प्राथमिकियां अवैध तरीके से दूसरे की जमीन पर कब्जा व फर्जी दस्तावेज पर खरीद-बिक्री, अवैध बालू कारोबार व अवैध तरीके से शराब की खरीद-बिक्री से संबंधित थीं।
