
रांची: प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने सोमवार को राज्य के एक मंत्री के सहयोगी से कथित तौर पर जुड़े परिसरों की तलाशी के दौरान भारी मात्रा में नकदी बरामद करने का दावा किया है। आधिकारिक सूत्रों ने यह जानकारी दी।
सूत्रों द्वारा साझा किए गए ‘वीडियो’ में नोटों की गड्डियां फैली हुई दिखाई दे रही हैं जो कथित तौर पर ग्रामीण विकास मंत्री आलमगीर आलम के निजी सचिव के घरेलू नौकर की बताई जा रही हैं। ईडी की छापेमारी में मिले नोटों का संबंध झारखंड के मंत्री आलमगीर से बताया जा रहा है।
नोटों गिने के लिए मशीनों को मंगवाया गया है। बता दें कि झारखंड के ग्रामीण विकास मंत्री आलमगीर आलम से जुड़े व्यक्ति के घर से ईडी ने भारी नकदी को बरामद किया है। अनुमान है कि जब्त नकदी करोड़ों में है।
नोटों को गिनने के लिए बैंक कर्मचारियों और मशीनों को भी मंगवाया गया है। बता दें कि दो साल पहले आज ही के दिन झारखंड में आईएएस पूजा सिंघल के यहां छापेमारी की गई थी। इस छापेमारी में 17 करोड़ रुपये बरामद किए गए थे। ईडी की टीम फिलहाल रांची में एक ठिकाने पर छापेमारी कर रही है।
प्रवर्तन निदेशालय ने ग्रामीण विकास विभाग के चीफ इंजीनियर वीरेंद्र के राम से जुड़े मामले में छापेमारी की है। बता दें कि चीफ इंजीनियर वीरेंद्र के राम को फरवरी 2023 में मनी लॉन्ड्रिंग मामले में गिरफ्तार कर लिया गया था।
दरअसल उनपर कुछ योजनाओं में उनके क्रियान्वयन में कथित तौर पर मनी लॉन्ड्रिंग तथा अनियमितता का आरोप था। इसके बाद प्रवर्तन निदेशालय की टीम वीरेंद्र के राम तक पहुंची और उन्हें गिरफ्तार किया गया। बता दें कि ईडी की छापेमारी में भारी मात्रा में मिले कैश के बाद कई लोग गिरफ्तार किए जा सकते हैं।
