रांची। आईएएस अधिकारियों की पत्नियों के संगठन झारखंड आईएएस ऑफिसर्स वाइव्स एसोसिएशन (जेसोवा) का सालाना दीपावली मेला गुरूवार को मोरहाबादी में शुरू हुआ। मुख्य सचिव अविनाश कुमार ने फीता काट कर इसका उदघाटन किया। जेसोवा अध्यक्ष प्रीति कुमारी समेत संगठन की प्रतिनिधियों ने उनका स्वागत किया। प्रीति कुमारी मुख्य सचिव की अर्धांगिनी हैं। मुख्य सचिव अविनाश कुमार ने कहा कि दीपावली मेला से जो आय होती है, उससे जरूरतमंद लोगों को आर्थिक मदद की जाती है।

उदघाटन समारोह में घोषणा की गई कि दीपावली मेला का समापन दो की जगह तीन नवंबर को होगा। बारिश के कारण यह फैसला लिया गया है। उद्घाटन समारोह में चाईबासा, देवघर और दुमका के पुस्तकालयों के लिए भी 15-15 लाख रुपए सहयोग राशि प्रदान की गई। मुख्य सचिव बोले कि इससे विद्यार्थियों को प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करने, ज्ञान एवं कौशल विकसित करने और भविष्य में बेहतर अवसर प्राप्त करने में सहायता मिलेगी।

मूक-बधिर एवं दृष्टिबाधित बच्चों को संगीत की शिक्षा देने के लिए श्रेयशी बनर्जी को 96 हजार रुपये की सहयोग राशि दी गई। बच्चों में कला एवं रचनात्मकता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से आर्ट एंड क्राफ्ट के क्षेत्र में सक्रिय स्वास्तिका बनर्जी को भी 96 हजार रुपये दिए गए। बारिश के बावजूद दीपावली मेला के सांस्कृतिक कार्यक्रम में आए लोगों में उत्साह दिखा। सितार और सरोद की जुगलबंदी ने शमां बांध दिया।

सुगम संगीत तथा नृत्य ने भी सबको आकर्षित किया। कठपुतली शो देख हर कोई वाह-वाह कर उठा। मेला में सूचना एवं जनसंपर्क विभाग द्वारा एलईडी टीवी पर झारखंड सरकार की जन कल्याणकारी योजनाओं का प्रचार किया गया। सरकारी योजनाओं से संबंधित पत्रिका का नि:शुल्क वितरण भी हुआ।

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version