खूंटी। जिले के युवा अभिषेक महतो ने उद्यमिता की दुनिया में अपनी पहचान बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल की है। उन्हें टाइम्स आॅफ इंटरप्रीनर्स मैगजीन के एडिशन 12 में जगह मिली है। पत्रिका में उनके जीवन, संघर्षों और उद्यमशील सफर को विशेष रूप से प्रस्तुत किया गया है। छोटे शहर से बड़े सपने देखने और उन्हें पूरा करने के लिए लगातार प्रयास करने वाले अभिषेक की कहानी अब व्यापक पाठक वर्ग तक पहुंची है।

खूंटी में पले-बढ़े अभिषेक ने महज 14 वर्ष की उम्र में अपना पहला आॅनलाइन कारोबार शुरू किया था। कम उम्र में ही उन्होंने छोटे शहरों में आॅनलाइन सेवाओं और तकनीक की सीमित पहुंच को एक अवसर के रूप में देखा। उनका उद्देश्य कारोबार स्थापित करने के साथ स्थानीय लोगों तक ऐसी सुविधाएं पहुंचाना भी था, जो उस समय आसानी से उपलब्ध नहीं थीं।

अभिषेक का उद्यमशील सफर आसान नहीं रहा। सीमित संसाधनों, आर्थिक कठिनाइयों और कारोबार में मिली असफलताओं के बावजूद उन्होंने आगे बढ़ने का प्रयास जारी रखा। उन्होंने विपरीत परिस्थितियों को अपनी राह की बाधा मानने के बजाय उनसे सीखने और नई संभावनाएं तलाशने का माध्यम बनाया।

उनका अनुभव बताता है कि उद्यमिता की शुरूआत के लिए बड़े शहरों में रहना जरूरी नहीं है। अपने आसपास की समस्याओं को पहचानकर और उनके समाधान तलाशकर भी व्यवसाय की दिशा में कदम बढ़ाए जा सकते हैं।

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version