रामगढ़ । जिले के रजरप्पा थाना क्षेत्र अंतर्गत बड़कीपोना पारडीह गांव में एक साढ़े तीन साल के बच्चे की मौत बुधवार को बच्चे की सांस की नली में कुरकुरे फंसने से हो गई। बच्चे को पहले तो हिचकी आई और कुछ देर के बाद वह बेहोश हो गया। परिजन जब उस बच्चे को लेकर सदर अस्पताल, रामगढ़ पहुंचे तो चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। जानकारी के अनुसार बड़कीपोना पारडीह गांव निवासी सुनील कुमार महतो और उनकी पत्नी सोनी देवी का साढ़े तीन साल का बच्चा रेयांश राज घर में ही कुरकुरे खा रहा था। इसी दौरान उसे पहले गले में परेशानी हुई और उसे हिचकी आने लगी।

कुछ देर तक हिचकी आने के बाद वह असमान्य व्यवहार करने लगा। लेकिन सुनील अपने बच्चे को लेकर किसी चिकित्सक के पास जा रहा था। लेकिन भारी बारिश की वजह से चितरपुर प्रखंड में उसे कोई भी चिकित्सक नहीं मिला। जब वह बच्चे को लेकर वापस अपने घर लौटा तो कुछ ही मिनट के बाद बच्चा तड़पने लगा और बेहोश हो गया। आनन-फानन में उसे रामगढ़ सदर अस्पताल लाया गया, लेकिन उसकी मौत हो गई। सुनील का पहले से भी लगभग आठ वर्ष का एक पुत्र है। इस हादसे के बाद बच्चे का पूरा परिवार सदमे में है।

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version