
रांची । सिमडेगा से कांग्रेस पार्टी के विधायक भूषण बाड़ा पर आदिवासी नाबालिग से दुष्कर्म का आरोप लगा है। कांग्रेस विधायक पर लगे आरोप के बाद राजनीतिक गलियारे में सनसनी फैल गई है। हालांकि भूषण बाड़ा की पत्नी जोशिमा ने अपने पति पर लगे इन सभी आरोपों को बेबुनियाद बताते हुए साजिश करार दिया है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी के ही कुछ लोग इस साजिश में शामिल हैं।



दरअसल, सिमडेगा जिले की एक 15 वर्षीय आदिवासी नाबालिग ने रांची के धुर्वा स्थित विधायक आवास पर खुद के साथ दुष्कर्म होने का संगीन आरोप लगाया है। पीड़ित नाबालिग ने पुलिस को दिये गए आवदेन में जबरन दुष्कर्म करने, जानवर जैसा व्यवहार करने, जान से मारने की धमकी देने और शारीरिक रूप से प्रताड़ित करने का आरोप लगाया है। नाबालिग ने आरोप लगाया है कि उसे गर्भपात तक कराना पड़ा। मामले में पोक्सो एक्ट के तहत एफआईआर दर्ज करने के लिए ऑनलाइन आवेदन दिया गया है।
पीड़िता का मेडिकल जांच कराया गया : पीड़िता की ओर से दिए गए आवेदन के मुताबिक, मई 2026 में दो महिलाएं उसे पढ़ाई-लिखाई और स्कूल में नामांकन कराने का झांसा देकर सिमडेगा विधायक आवास ले गई थीं। इसके बाद उसे रांची स्थित विधायक आवास लाया गया, जहां उससे घरेलू काम कराया जाने लगा। पीड़िता का आरोप है कि रांची और सिमडेगा दोनों ही आवासों में उसके साथ अमानवीय व्यवहार किया जाता था। काम में थोड़ी भी देर होने पर उसे बेरहमी से पीटा जाता था, गंदी गालियां दी जाती थीं और भरपेट खाना भी नहीं दिया जाता था। विरोध करने पर यह कहकर डराया जाता था कि उसका आगे-पीछे कोई नहीं है और उसे यहीं सड़ना है।
विधायक भूषण बाड़ा ने अपने ऊपर लगे आरोपों को बेबुनियाद और झूठा करार दिया है। उन्होंने कहा कि पीड़िता आरोप नहीं लगा रही, कुछ लोग आरोप लगवा रहे हैं। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में उनकी ओर से किए जा रहे विकास कार्यों को देखकर लोग घबरा गए हैं। उनका क्षेत्र पिछड़ा है, क्षेत्र के कई लोग आते हैं, वो उनकी पढ़ाई के साथ रहने और खाने-पीने की व्यवस्था करते हैं।
पूरी घटना काफी दुर्भाग्यपूर्ण : आदित्य साहू
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू ने कहा कि एक जनप्रतिनिधि पर ही नाबालिग बच्ची के यौन शोषण और गर्भपात जैसे गंभीर आरोप लगना बेहद शर्मनाक और चिंताजनक है। उन्होंने कहा कि बच्ची को पढ़ाने-लिखाने और उसका भविष्य संवारने का भरोसा देकर अपने आवास पर बुलाकर उस बच्ची का पूरा भविष्य ही चौपट कर दिया गया। यह काफी जघन्य अपराध है। पीड़ित बच्ची की ओर से विधायक के परिजनों पर भी मारपीट, गाली-गलौज और शारीरिक एवं मानसिक प्रताड़ना के आरोप लगाए गए हैं। यह मामला सत्ता के रसूख के दम पर एक कमजोर और असहाय बच्ची को डराने-धमकाने का भी गंभीर सवाल खड़ा करता है।

