
पटना। मोकामा के विधायक अनंत सिंह की छोटी बेटी शिवांगी सिंह की शादी इन दिनों बिहार में चर्चा का विषय बनी हुई है। शादी की तैयारियों के बीच अब शिवांगी के होने वाले ससुराल पक्ष के लोग भी मीडिया से खुलकर बातचीत कर रहे हैं। इसी दौरान होने वाली समधन आशा देवी का एक मजेदार अंदाज देखने को मिला, जब उन्होंने अनंत सिंह को लेकर पूछे गए सवालों का हंसते हुए जवाब दिया।



‘अनंत सिंह से लोग डरेगा, समधन काहे डरेगा जी’
दरअसल, पत्रकारों ने आशा देवी से पूछा कि अनंत सिंह को बाहुबली और दबंग नेता माना जाता है। उनकी बड़ी-बड़ी मूंछों को देखकर क्या उन्हें डर लगता है? इस पर आशा देवी ने बेहद मजाकिया अंदाज में जवाब देते हुए कहा, “लोग डरेगा अनंत सिंह से, समधन काहे डरेगा जी। आप लोग भी कैसा-कैसा बात करते हैं जी।” उनके इस जवाब ने वहां मौजूद लोगों के चेहरे पर मुस्कान ला दी।
अनंत सिंह के नाम पर गुनगुनाया गाना, महिलाएं लगाने लगीं ठहाके
बातचीत के दौरान आशा देवी का हंसी-मजाक वाला अंदाज लगातार देखने को मिला। जब उनसे अनंत सिंह के बारे में कुछ कहने को कहा गया, तो उन्होंने मुस्कुराते हुए ‘गोरे-गोरे मुखड़े पर काला चश्मा’ गाना गुनगुनाना शुरू कर दिया। उनका यह अंदाज देखकर वहां मौजूद परिवार की अन्य महिलाएं भी हंसने लगीं।
20 नवंबर को तिलक समारोह में होगी समधी से पहली मुलाकात
वहीं, जब आशा देवी से पूछा गया कि क्या उनकी अनंत सिंह से मुलाकात हो चुकी है, तो उन्होंने बताया कि अभी तक समधी से मुलाकात नहीं हुई है। उन्होंने कहा कि 20 नवंबर को तिलक समारोह के दौरान मुलाकात होगी।
गौरतलब है कि अनंत सिंह की छोटी बेटी शिवांगी सिंह की शादी 25 नवंबर को होनी है। इससे पहले 20 नवंबर को अनंत सिंह तिलक चढ़ाने के लिए ऋषिकेश कुमार के घर पहुंचेंगे। शादी से पहले आशा देवी के बेबाक और मजाकिया अंदाज की चर्चा अब खूब हो रही है।

