
रांची। झारखंड शिक्षक पात्रता परीक्षा (JTET) के अभ्यर्थियों के लिए बड़ी खबर है। परीक्षा प्रक्रिया में पारदर्शिता लाने के उद्देश्य से झारखंड एकेडमिक काउंसिल (JAC) ने पहली बार रिजल्ट जारी होने से पहले करीब 4.85 लाख अभ्यर्थियों की OMR शीट ऑनलाइन उपलब्ध करा दी है। अभ्यर्थी अब जैक की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर अपनी OMR शीट देख सकते हैं और उसमें दर्ज उत्तरों का सत्यापन कर सकते हैं।



जैक की ओर से जारी दिशा-निर्देश के अनुसार, परीक्षार्थी www.jac.jharkhand.gov.in पर लॉगिन आईडी और पासवर्ड की मदद से अपनी OMR शीट देख सकेंगे। इससे अभ्यर्थियों को यह जांचने का मौका मिलेगा कि परीक्षा के दौरान उन्होंने किन प्रश्नों के क्या उत्तर अंकित किए थे।
गौरतलब है कि JTET की परीक्षा एक नवंबर को आयोजित की गई थी। इसमें कक्षा एक से पांच और कक्षा छह से आठ के लिए अलग-अलग परीक्षाएं ली गई थीं।
उत्तर कुंजी तैयार करने के लिए बनेंगी 30 कमेटियां
परीक्षा की उत्तर कुंजी (Answer Key) तैयार करने के लिए विषय विशेषज्ञ शिक्षकों की कमेटियां गठित की जाएंगी। प्रत्येक कमेटी में तीन विशेषज्ञ शिक्षक शामिल होंगे। इनमें विश्वविद्यालयों के विशेषज्ञों के साथ जेसीईआरटी (JCERT) के विशेषज्ञ तथा हाईस्कूल और प्लस टू विद्यालयों के शिक्षक शामिल किए जाएंगे।
जानकारी के अनुसार, कक्षा एक से पांच और कक्षा छह से आठ के लिए अलग-अलग कमेटियां बनाई जाएंगी। कुल 30 कमेटियों में 90 विषय विशेषज्ञ शिक्षक उत्तरों की समीक्षा करेंगे।
OMR शीट जारी होने से अभ्यर्थियों को होंगे ये फायदे
1. उत्तरों का मिलान: अभ्यर्थी अपनी OMR शीट देखकर परीक्षा में दिए गए उत्तरों का मिलान कर सकेंगे।
2. संभावित गलतियों की पहचान: उत्तर दर्ज करने या OMR शीट की स्कैनिंग में हुई किसी संभावित त्रुटि का पता लगाने में मदद मिलेगी।
3. मूल्यांकन में पारदर्शिता: रिजल्ट से पहले OMR शीट उपलब्ध कराने से परीक्षा प्रक्रिया में पारदर्शिता बढ़ेगी और अभ्यर्थियों का भरोसा मजबूत होगा।
4. विवादों में कमी: रिजल्ट जारी होने के बाद प्राप्तांक या उत्तरों को लेकर उठने वाले सवालों की जांच करना आसान होगा।
जैक की इस पहल को JTET परीक्षा प्रक्रिया को अधिक पारदर्शी और विश्वसनीय बनाने की दिशा में अहम कदम माना जा रहा है।

