
खूंटी। खूंटी सदर थाना क्षेत्र के घाघरा गांव स्थित तजना नदी पुल के नीचे शुक्रवार सुबह एक महिला और एक युवक का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतकों की पहचान लोहरदगा जिले के भंडरा थाना क्षेत्र के बड़गांई निवासी नेहा कुमारी (25) और अरुण कुमार राणा (21) के रूप में हुई है। दोनों एक ही गांव के निवासी और पड़ोसी थे। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
परिजनों के अनुसार, नेहा कुमारी की शादी गुमला जिले के करंज थाना क्षेत्र के डुड़िया गांव निवासी कुंदन प्रमाणिक से हुई थी। वह इन दिनों अपनी छोटी बहन की शादी में शामिल होने के लिए मायके आई हुई थी। गुरुवार को वह अपने पांच वर्षीय बेटे को साथ लाने के लिए पड़ोसी अरुण कुमार राणा के साथ बाइक से अपने ससुराल गई थी। बताया गया कि बेटे को साथ ले जाने को लेकर नेहा और उसके पति के बीच विवाद हो गया।
परिजनों का आरोप है कि विवाद के बाद नेहा और अरुण करंज थाना पहुंचे और पुलिस से सहायता मांगी, लेकिन उनकी शिकायत पर तत्काल कार्रवाई नहीं की गई। उनका यह भी आरोप है कि ससुराल से लौटने के दौरान कुंदन प्रमाणिक अपने कुछ साथियों के साथ उनका पीछा करते हुए आया, बाइक को टक्कर मारकर दोनों को गिरा दिया और फिर उन्हें जबरन एक स्कॉर्पियो वाहन में बैठाकर अपने साथ ले गया।
शुक्रवार सुबह दोनों के शव खूंटी जिले के घाघरा गांव स्थित तजना नदी पुल के नीचे बरामद हुए। घटनास्थल पर पुल के ऊपर खून के धब्बे मिलने से आशंका जताई जा रही है कि वारदात पुल पर या उसके आसपास हुई और बाद में शव नीचे फेंक दिए गए। नेहा का शव पुल के नीचे क्षत-विक्षत अवस्था में मिला, जबकि अरुण का शव पुल के किनारे नाली में पड़ा था। पुलिस घटनास्थल से मिले भौतिक साक्ष्यों के आधार पर पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है।
घटना की सूचना मिलते ही सदर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (एसडीपीओ) मंगल सिंह जामूदा, सदर थाना प्रभारी अशोक कुमार सिंह, सोयको थाना प्रभारी पी.आर. पांडेय, एफएसएल टीम और डॉग स्क्वायड मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य एकत्र किए। पुलिस का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है तथा संभावित आरोपितों की तलाश में छापेमारी जारी है।
