
हाजीपुर। सामाजिक सुरक्षा पेंशन दिवस पर 10 जुलाई को मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के स्तर पर पेंशनधारियों के खातों में राशि भेजे जाने के बाद वैशाली जिले के महुआ और जंदाहा प्रखंड में चौंकाने वाला मामला सामने आया। महुआ प्रखंड की गोविंदपुर पंचायत के चखाजे गांव निवासी वृद्ध पेंशनधारी चंद्रदीप राय उत्तर बिहार ग्रामीण बैंक की एक सीएसपी केंद्र पर अपनी मासिक पेंशन की 1100 रुपये की राशि निकालने पहुंचे थे। सीएसपी संचालक अजय कुमार सिंह ने पेंशन निकासी के बाद जब खाते में शेष राशि की जांच की तो उसमें 7 अरब 40 करोड़ 68 लाख 72 हजार 795 रुपये से अधिक की राशि प्रदर्शित हो रही थी। यह देखकर बैंककर्मी और लाभुक दोनों स्तब्ध रह गए।
इस घटना की जानकारी महुआ के बीडीओ सौरव वर्णवाल को दी गई। तत्काल पंचायत सचिव अशोक सिंह को लाभुक के घर भेजा। पेंशनधारी को फिलहाल खाते से किसी प्रकार का लेन-देन नहीं करने की सलाह दी और प्रखंड कार्यालय से आगे की सूचना मिलने तक खाते का संचालन नहीं करने को कहा।
वहीं, जंदाहा प्रखंड के खोपी गांव निवासी पेंशनधारी राजन सिंह के खाते में 7 करोड़ रुपये से अधिक की राशि दिखी। बीडीओ ने बताया कि पूरे मामले की जानकारी वरीय अधिकारियों को दे दी गई है। संबंधित बैंक और विभागीय स्तर पर तकनीकी जांच कराई जा रही है।
