
नई दिल्ली । वैश्विक कच्चे तेल के बाजार में बुधवार को बड़ी नरमी देखने को मिली। पश्चिम एशिया में तनाव कम होने की उम्मीद और होर्मुज स्ट्रेट को दोबारा सामान्य रूप से खोलने को लेकर अमेरिका और ईरान के बीच कूटनीतिक प्रगति की खबरों ने निवेशकों का भरोसा बढ़ाया। इसी का असर यह रहा कि अंतरराष्ट्रीय बेंचमार्क ब्रेंट और अमेरिकी WTI क्रूड दोनों में जोरदार गिरावट दर्ज की गई।



ताजा कारोबार में WTI क्रूड 75.90 डॉलर प्रति बैरल और ब्रेंट क्रूड (Brent Crude ) 79.68 डॉलर प्रति बैरल पर कारोबार कर रहा है। दोनों बेंचमार्क पिछले तीन सप्ताह के सबसे निचले स्तर के करीब पहुंच गए हैं। इससे पहले दिन के शुरुआती कारोबार में तेल की कीमतों में तेजी थी, लेकिन वार्ता में प्रगति की खबर सामने आते ही बाजार का रुख पूरी तरह बदल गया।
बाजार की सबसे बड़ी नजर होर्मुज स्ट्रेट पर है, क्योंकि दुनिया के समुद्री मार्ग से होने वाले तेल व्यापार का बड़ा हिस्सा इसी रास्ते से गुजरता है। हाल के तनाव के दौरान इस मार्ग पर जोखिम बढ़ने से कच्चे तेल की कीमतों में उछाल आया था। अब अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रुबियो ने कहा है कि ईरान के साथ होर्मुज स्ट्रेट को दोबारा खोलने के मुद्दे पर बातचीत में अहम प्रगति हुई है। हालांकि उन्होंने यह भी दोहराया कि किसी भी व्यापक समझौते का अंतिम उद्देश्य ईरान का परमाणु निरस्त्रीकरण ही रहेगा। रुबियो के इस बयान ने बाजार को यह संकेत दिया कि दोनों पक्ष तनाव कम करने की दिशा में आगे बढ़ रहे हैं।

