
वाशिंगटन। ईरान समर्थित हमले में दो अमेरिकी सैनिकों की मौत के बाद अमेरिका ने ईरान के खिलाफ सैन्य कार्रवाई तेज कर दी है। अमेरिकी सेना ने होर्मुज जलडमरूमध्य के आसपास स्थित बंदर अब्बास और केशम द्वीप समेत कई स्थानों पर नए हवाई हमले किए हैं।अमेरिकी सेंट्रल कमांड (सेंटकॉम) ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर जारी बयान में कहा कि ये हमले ईरान की उन क्षमताओं को कमजोर करने के उद्देश्य से किए गए हैं, जिनसे अंतरराष्ट्रीय समुद्री व्यापार और व्यावसायिक जहाजों को खतरा उत्पन्न हो रहा था। साथ ही, जॉर्डन में अमेरिकी सैनिकों पर हुए हमले के लिए जिम्मेदार इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स (आईआरजीसी) से जुड़े ठिकानों को निशाना बनाया गया।सेंटकॉम के अनुसार, हालिया हमले में दो अमेरिकी सैनिकों की मौत हुई है, जबकि एक अन्य सैनिक अभी भी लापता है। अमेरिकी सेना ने बताया कि राष्ट्रपति के निर्देश पर ईरान के खिलाफ सैन्य अभियान का नया चरण शुरू किया गया है।उधर, ईरान के स्वास्थ्य मंत्रालय ने दावा किया है कि हालिया अमेरिकी हमलों में कम से कम 12 लोगों की मौत हुई है। मंत्रालय के अनुसार, 27 जून से अब तक अमेरिकी हमलों में मरने वालों की संख्या बढ़कर 50 हो गई है, जबकि करीब 500 लोग घायल हुए हैं। मृतकों में पांच महिलाएं और दो बच्चे भी शामिल बताए गए हैं।ईरान की सरकारी समाचार एजेंसी आईआरएनए के मुताबिक, रविवार तड़के बंदर अब्बास और होर्मुज जलडमरूमध्य स्थित केशम द्वीप पर कई जोरदार विस्फोट सुने गए। वहीं, तस्नीम समाचार एजेंसी ने स्थानीय निवासियों के हवाले से बताया कि केशम द्वीप के कई हिस्सों को निशाना बनाया गया, जिससे बुनियादी ढांचे को नुकसान पहुंचा है।बंदर अब्बास बंदरगाह क्षेत्र में भी कई विस्फोटों की सूचना मिली है। अमेरिका और ईरान के बीच बढ़ते सैन्य तनाव के बीच दोनों पक्षों की जवाबी कार्रवाई से क्षेत्र में हालात लगातार गंभीर बने हुए हैं।




