
रांची। जेएससीए अंतरराष्ट्रीय स्टेडियम में 9 अक्टूबर को भारत और वेस्टइंडीज के बीच होने वाले द्वितीय टी-20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट मैच को लेकर जिला प्रशासन ने सुरक्षा और भीड़ प्रबंधन को लेकर सख्ती बरतने का निर्देश दिया है। उपायुक्त मंजूनाथ भजंत्री ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया कि दोपहर तीन बजे दर्शकों के प्रवेश से पहले बिना टिकट वाले लोगों को स्टेडियम के आसपास एकत्र नहीं होने दिया जाए। स्टेडियम परिसर और आसपास सुरक्षा व्यवस्था को भी मजबूत रखने को कहा गया है।



भीड़ और यातायात प्रबंधन पर जोर : समाहरणालय स्थित कार्यालय सभागार में उपायुक्त की अध्यक्षता में हुई बैठक में मैच के दौरान संभावित भारी भीड़ को देखते हुए विधि-व्यवस्था, सुरक्षा, यातायात प्रबंधन और भीड़ नियंत्रण पर विस्तार से चर्चा हुई। उपायुक्त ने ट्रैफिक व्यवस्था और भीड़ प्रबंधन की व्यापक तैयारी सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
कतार में लगकर मिलेगा प्रवेश: दर्शकों को निर्धारित गेटों से कतारबद्ध तरीके से स्टेडियम में प्रवेश दिया जाएगा। प्रशासन ने क्रिकेट प्रेमियों से अपील की है कि वे गेट खुलने से पहले स्टेडियम पहुंचकर निर्धारित स्थान पर कतार में लगें, ताकि प्रवेश के दौरान असुविधा न हो। दर्शकों से प्रतिबंधित वस्तुएं स्टेडियम परिसर में नहीं लाने की अपील की गई है। बैठक में अधिकारियों और जेएससीए पदाधिकारियों को सभी संबंधित विभागों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने और आवश्यक तैयारियां समयबद्ध तरीके से पूरी करने का निर्देश दिया गया, ताकि मैच का आयोजन व्यवस्थित तरीके से हो सके।
जिला प्रशासन ने शहरवासियों और क्रिकेट प्रेमियों से यातायात नियमों का पालन करने, निर्धारित पार्किंग स्थलों का ही उपयोग करने तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस कंट्रोल रूम को देने की अपील की है। बैठक में वरीय पुलिस अधीक्षक राकेश रंजन, अपर जिला दंडाधिकारी (विधि-व्यवस्था) धनंजय, अनुमंडल पदाधिकारी सदर कुमार रजत, पुलिस अधीक्षक (शहर) पारस राणा, पुलिस अधीक्षक (यातायात) राकेश सिंह, ट्रेनी आइएएस अधिकारी आस्था शरण तथा जेएससीए अध्यक्ष अजय नाथ शाहदेव, उपाध्यक्ष संजय पांडेय और सचिव सौरभ तिवारी मौजूद थे।

