
भोजपुर। बिहार के भोजपुर जिले में मंगलवार रात एक शादी समारोह के दौरान हथियारबंद अपराधियों ने अंधाधुंध फायरिंग कर दहशत फैला दी। इस घटना में दो युवकों की मौत हो गई, जबकि एक अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। वारदात के बाद शादी की खुशियां मातम में बदल गईं।



घटना मुफस्सिल थाना क्षेत्र के चकिया गांव की है। जानकारी के अनुसार, गांव निवासी नरेश यादव की बेटी नेहा की शादी थी। बारात कृष्णगढ़ थाना क्षेत्र के पद्मिनिया गांव से पहुंची थी। जयमाला की रस्म पूरी होने और भोजन के बाद शादी समारोह में लोग आपस में बातचीत कर रहे थे। इसी दौरान दो बाइकों पर सवार होकर पहुंचे छह हथियारबंद अपराधियों ने अचानक फायरिंग शुरू कर दी। अचानक हुई गोलीबारी से समारोह में अफरा-तफरी मच गई और लोग जान बचाकर इधर-उधर भागने लगे।
गोलीबारी में तीन युवक घायल हो गए। स्थानीय लोगों की मदद से तीनों को तत्काल आरा सदर अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने राहुल कुमार और दीपक कुमार को मृत घोषित कर दिया। मृतकों की पहचान शुभकरणगंज गांव निवासी सनोज यादव के 20 वर्षीय पुत्र राहुल कुमार और महंत यादव के 21 वर्षीय पुत्र दीपक कुमार के रूप में हुई है। वहीं, दौलतपुर गांव निवासी सुरेंद्र यादव का 18 वर्षीय पुत्र सोनू कुमार गंभीर रूप से घायल है। उसका अस्पताल में इलाज चल रहा है।
घटना की सूचना मिलते ही एसडीपीओ-1 सुशील कुमार पुलिस बल के साथ सदर अस्पताल पहुंचे। उन्होंने घायल सोनू से घटना के संबंध में जानकारी ली और इसके बाद घटनास्थल पर पहुंचकर जांच शुरू की।
एसडीपीओ ने बताया कि प्रारंभिक जांच में घटना के पीछे पूर्व का विवाद सामने आया है। पुलिस दो-तीन बिंदुओं पर मामले की जांच कर रही है। अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए एसआईटी का गठन किया गया है। कुछ संदिग्धों की पहचान भी हुई है, जिनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है।

