
वैशाली। बिहार के वैशाली जिले से एक दर्दनाक घटना सामने आई है। गोरौल थाना क्षेत्र के प्रेमराज गांव में एक ही परिवार के चार सदस्यों द्वारा कथित तौर पर जहरीला पदार्थ खाने से तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि एक बच्ची की हालत गंभीर बनी हुई है। मृतकों में सास, बहू और एक पोता शामिल हैं। वहीं, गंभीर रूप से बीमार पोती को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।



प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, इस घटना के पीछे जमीन बेचने को लेकर परिवार में चल रहा विवाद बताया जा रहा है। बताया जाता है कि परिवार का बेटा राहुल लगातार जमीन बेच रहा था। आरोप है कि गुरुवार को भी वह जमीन बेचने के बाद घर से फरार हो गया। इसी बात को लेकर परिवार में विवाद बढ़ने की आशंका जताई जा रही है।
बताया जा रहा है कि पारिवारिक विवाद के बाद परिवार के चार सदस्यों ने कथित तौर पर जहरीला पदार्थ खा लिया। घटना की जानकारी मिलने के बाद गांव में हड़कंप मच गया। आनन-फानन में सभी को अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने तीन लोगों को मृत घोषित कर दिया, जबकि पोती का इलाज जारी है।
घटना के बाद प्रेमराज गांव में मातम पसरा हुआ है। सूचना मिलने पर पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। फिलहाल जमीन विवाद को घटना की संभावित वजह माना जा रहा है, हालांकि आत्मघाती कदम उठाने के वास्तविक कारणों और पूरे घटनाक्रम की आधिकारिक पुष्टि होना बाकी है। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।

