
रांची। राजधानी रांची में अपराध एवं अपराधियों पर प्रभावी नियंत्रण के लिए वरीय पुलिस अधीक्षक राकेश रंजन ने अपराधियों की प्रोफाइलिंग, गैंग की मैपिंग और संदिग्ध गतिविधियों की निगरानी को लेकर महत्वपूर्ण पहल की है। इस संबंध में एसएसपी की अध्यक्षता में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से आज बैठक हुयी। इसमें पुलिस अधीक्षक नगर, पुलिस अधीक्षक ग्रामीण, अपर पुलिस अधीक्षक कोतवाली, सभी डीएसपी और थाना प्रभारी शामिल हुए। बैठक में अपराध की रोकथाम के लिए अपराधियों की पहचान और उनकी गतिविधियों की लगातार निगरानी करने का निर्देश दिया गया।



एससपी ने बताया की पुलिस पिछले 10 से 15 वर्षों के दौरान अपराध की दुनिया में सक्रिय रहे अपराधियों और गैंग को चिह्नित करेगी। ऐसे अपराधी जो फिलहाल सक्रिय नहीं हैं, लेकिन उनकी आपराधिक पृष्ठभूमि को देखते हुए दोबारा अपराध में शामिल होने की आशंका है, उनकी सूची तैयार की जा रही है। इनकी गतिविधियों का समय-समय पर सत्यापन किया जाएगा और इन्हें पुलिस की निगरानी में रखा जाएगा. इसके साथ ही वर्तमान में सक्रिय अपराधियों और गंभीर या संगठित अपराध से जुड़े लोगों की भी विस्तृत प्रोफाइल तैयार करने का निर्देश दिया गया है. इसमें रंगदारी, हत्या, मारपीट, मादक पदार्थों का कारोबार, छेड़खानी, भू-माफिया, अवैध शराब, चोरी, जुआ-मटका समेत अन्य आपराधिक गतिविधियों में शामिल लोगों को चिह्नित किया जाएगा।
युवाओं पर भी नजर : पुलिस की नई रणनीति में युवा वर्ग पर भी विशेष फोकस रहेगा. ऐसे युवाओं और समूहों को चिह्नित किया जाएगा, जिनकी गतिविधियों से कानून-व्यवस्था के लिए परेशानी पैदा हो रही है या जिनमें आपराधिक प्रवृत्ति विकसित होने के संकेत मिल रहे हैं। हुड़दंग, दबंगई, मारपीट, छेड़खानी, बाइकर्स गैंग की गतिविधियां, कॉलेज और शिक्षण संस्थानों के आसपास युवतियों से अभद्र व्यवहार तथा आपत्तिजनक सोशल मीडिया पोस्ट और एडिटेड वीडियो बनाने व प्रसारित करने वालों की भी पहचान की जाएगी।
चिह्नित लोगों की जानकारी संबंधित थाना के बैड कैरेक्टर रजिस्टर (बीसीआर) के संदर्भ में व्यवस्थित तरीके से रखी जाएगी. पुलिस जरूरत के अनुसार इनका सत्यापन और निगरानी करेगी। कानून के दायरे में रहते हुए सार्वजनिक रूप से उपलब्ध सोशल मीडिया प्रोफाइल और गतिविधियों पर भी नजर रखी जाएगी।
एसएसपी ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया कि अपराध नियंत्रण का मतलब केवल घटना के बाद कार्रवाई करना नहीं है. पुलिस को संभावित अपराध और आपराधिक गतिविधियों की पहले पहचान कर उसे रोकने की दिशा में काम करना होगा. इसके लिए प्रिवेंटिव पुलिसिंग को मजबूत करने पर जोर दिया गया है. सभी थाना प्रभारियों को चिन्हित अपराधियों और संदिग्ध गतिविधियों से जुड़ी प्रोफाइल को नियमित रूप से अपडेट करने और सत्यापित करने का निर्देश दिया गया है। किसी संभावित आपराधिक गतिविधि की सूचना मिलने पर तत्काल कानून के तहत कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा गया है।

