
रांची। शहर की कानून-व्यवस्था को मजबूत करने और अपराध पर प्रभावी नियंत्रण को लेकर रांची पुलिस ने निगरानी और गश्ती व्यवस्था को और सख्त करने की तैयारी शुरू कर दी है। इसी कड़ी में देर रात एसएसपी राकेश रंजन, सिटी एसपी पारस राणा और ट्रैफिक एसपी राकेश सिंह खुद शहर के विभिन्न इलाकों का जायजा लेने निकले। वरीय पुलिस अधिकारियों ने देर रात कई संवेदनशील, सुनसान और अपराध की दृष्टि से महत्वपूर्ण इलाकों का निरीक्षण किया।एसएसपी रंजन ने कहा कि अपराध की आशंका वाले स्थानों पर केवल औपचारिक गश्ती नहीं, बल्कि नियमित भौतिक निगरानी भी होनी चाहिए। क्षेत्र भ्रमण के दौरान पुलिस पदाधिकारियों ने उन स्थानों पर विशेष नजर डाली, जहां अड्डेबाजी, नशाखोरी, छिनतई, स्नैचिंग और अन्य असामाजिक गतिविधियों की शिकायतें मिलती रही हैं। अधिकारियों ने संबंधित थाना प्रभारियों को नियमित गश्ती बढ़ाने और किसी भी तरह की गैरकानूनी गतिविधि पर तत्काल कार्रवाई करने का सख्त निर्देश दिया।क्राइम ब्लैक स्पॉट पर विशेष निगरानी पुलिस अधिकारियों ने शहर के उन इलाकों का भी निरीक्षण किया, जहां पूर्व में चोरी, छिनतई और स्नैचिंग जैसी घटनाएं सामने आती रही हैं। सुखदेवनगर, पंडरा, कोतवाली और अरगोड़ा थाना क्षेत्र के अलावा मुंडला पहाड़ समेत कई संवेदनशील स्थानों का जायजा लिया गया. इन इलाकों में गश्ती व्यवस्था की समीक्षा करते हुए थाना प्रभारियों को संदिग्ध व्यक्तियों और गतिविधियों पर विशेष नजर रखने का निर्देश दिया गया. पुलिस का जोर ऐसे इलाकों में रात के समय पुलिस की मौजूदगी बढ़ाने पर है, ताकि अपराधियों और असामाजिक तत्वों में कानून का भय बना रहे।अड्डेबाजी और नशेबाजी पर सख्ती देर रात के निरीक्षण के दौरान पुलिस टीम ऐसे स्थानों पर भी पहुंची, जहां अड्डेबाजी और नशेबाजी की शिकायतें सामने आती रही हैं. अधिकारियों ने थाना प्रभारियों को इन स्थानों को चिन्हित कर नियमित गश्ती करने और असामाजिक तत्वों के खिलाफ विधिसम्मत कार्रवाई करने का निर्देश दिया. इसी क्रम में मुंडला पहाड़ इलाके में पुलिस ने छापेमारी की. कार्रवाई के दौरान वहां से अवैध शराब बरामद की गई। पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि शहर में किसी भी तरह की गैरकानूनी गतिविधि को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।बड़ा तालाब क्षेत्र में भी बढ़ेगी गश्ती : अपर बाजार स्थित बड़ा तालाब और उसके आसपास के इलाकों का भी पुलिस अधिकारियों ने निरीक्षण किया। यहां पूर्व में सामने आई चोरी और छिनतई की घटनाओं को देखते हुए निगरानी और गश्ती व्यवस्था मजबूत करने का निर्देश दिया गया। पुलिस को संदिग्ध व्यक्तियों पर नजर रखने, संवेदनशील स्थानों पर नियमित पेट्रोलिंग करने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना मिलने पर तत्काल कार्रवाई करने को कहा गया है।यातायात व्यवस्था को लेकर भी दिये कई निर्देश : देर रात शहर के भ्रमण के दौरान यातायात व्यवस्था की भी समीक्षा की गई। एसएसपी राकेश रंजन ने बताया कि रात में ट्रैफिक व्यवस्था को लेकर भी कई महत्वपूर्ण निर्देश दिए गए है। निरीक्षण के दौरान ऐसे डिवाइडर कट को चिन्हित किया गया, जहां से वाहनों के अनियंत्रित तरीके से क्रॉस करने के कारण अक्सर यातायात बाधित होने की स्थिति बनती है। ट्रैफिक एसपी के साथ विचार-विमर्श के बाद ऐसे कटिंग को स्लाइडिंग बैरियर लगाकर बंद कराने का निर्णय लिया गया है। इससे वाहनों की अनावश्यक क्रॉसिंग पर रोक लगाने और यातायात को व्यवस्थित करने में मदद मिलेगी।नो-पार्किंग में खड़े वाहनों पर होगी कार्रवाई : सड़क किनारे अनधिकृत तरीके से खड़े आॅटो और अन्य वाहनों को लेकर भी पुलिस ने सख्ती का निर्देश दिया है. पुलिस के अनुसार, बेतरतीब तरीके से सड़क किनारे वाहन खड़े होने से सड़क की चौड़ाई कम हो जाती है और यातायात प्रभावित होता है. नो-पार्किंग और अनधिकृत पार्किंग वाले स्थानों पर खड़े वाहनों के खिलाफ विशेष अभियान चलाने का निर्देश दिया गया है. नियम तोड़ने वाले वाहन चालकों पर जुमार्ना लगाने के साथ आवश्यक कार्रवाई भी की जाएगी.अपराध रोकना पुलिस की प्राथमिकता : एसएसपी राकेश रंजन ने बताया की देर रात वरीय पुलिस अधिकारियों के खुद सड़क पर उतरने का मकसद शहर की जमीनी कानून-व्यवस्था का जायजा लेना और पुलिस गश्ती को प्रभावी बनाना है। पुलिस का फोकस क्राइम ब्लैक स्पॉट पर विशेष निगरानी, संवेदनशील इलाकों में गश्ती बढ़ाने, असामाजिक तत्वों पर कार्रवाई और शहर की यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने पर है. अधिकारियों ने थाना प्रभारियों को स्पष्ट किया है कि कानून-व्यवस्था से किसी भी स्तर पर समझौता नहीं किया जाएगा।




