
वडोदरा। गुजरात के वडोदरा में मंगलवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कांग्रेस पर नाराज फूफा वाला तंज कसते हुए कहा कि कुछ लोग भारत के विकास से कभी खुश नहीं हो सकते। मोदी ने कहा कि उनके दौरे का मकसद भारत के विकसित राष्ट्र बनने की यात्रा को तेज करना है। उन्होंने कहा, “मैं विकसित भारत की यात्रा को और तेज करने के लिए आपके बीच आया हूं।” उन्होंने आगे कहा, “कुछ देर पहले ही यहां देश के विकास से जुड़ी हजारों करोड़ रुपये की परियोजनाओं का शिलान्यास और उद्घाटन हुआ। विकास के इस उत्सव में वडोदरा शहर भर में आप सभी ने जिस सेवा भाव के साथ स्वच्छता का स्वागत अभियान चलाया है, उसके लिए मैं वडोदरा के हर नागरिक को दिल से बधाई देता हूं और उनकी सराहना करता हूं।”



पीएम मोदी ने कांग्रेस पर नाराज फूफा वाला तंज फिर से कसा और कहा, “कुछ लोग भारत के विकास से कभी खुश नहीं हो सकते।” उन्होंने कहा, यूपीए सरकार ने विकास को रोक दिया था। हमने इसे गति दी है। यहां का फ्रेट कॉरिडोर इसका उदाहरण है। उन्होंने कहा कि फ्रेट कॉरिडोर से किसान का बहुत फायदा हुआ है। ये इस वजह से भी कमाल का है। पीएम मोदी ने कहा कि JNPT मुंबई से डबल कंटेनर मालगाड़ी को चलाया गया। इसके चलने से एक बार में 250 ट्रकों के ज्यादा सामान मुंबई से वडोदरा पहुंच गया। अब ये नाराज फूफाजी चिल्लाएंगे कि इन ट्रक वालों का क्या होगा लेकिन अब सामान देश के एक कोने से दूसरे कोने तक पहुंच पाएगा। अब भारत में रेल वहां भी पहुंच रही है, जहां पहले नहीं पहुंची।प्रधानमंत्री ने कांग्रेस पर हमला करते हुए कहा कि पहले की यूपीए सरकार ने कुछ नहीं किया गया। पुरानी सरकार 10 साल में 50 हजार टॉयलेट नहीं बना सकती थी, हम चिप से शिप तक बना रहे हैं।
‘AI का सुपरपावर के लिए इकोसिस्टम जरूरी’
पीएम मोदी ने कहा कि अगर भारत को AI का सुपरपावर बनना है तो इसके लिए पूरा इकोसिस्टम तैयार करना होगा। इसके लिए यूरेनियम और रेयर अर्थ मटेरियल की उपलब्धता बढ़ाने के साथ युवाओं की स्किल ट्रेनिंग और अपग्रेडेशन पर भी काम किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि अब सिर्फ डिग्री नहीं, बल्कि स्किल पर फोकस किया जा रहा है।

