
काबुल/इस्लामाबाद ।अफगानिस्तान की सेना ने शनिवार देर रात पाकिस्तान में कई जगहों पर हमला बोल दिया। अफगान तालिबान ने हमले की पुष्टि करते हुए इसे पाकिस्तानी सेना के हमले के खिलाफ जवाबी कार्रवाई बताया है। अफगान बलों ने पाकिस्तानी सेना की चौकियों पर धावा बोल दिया। हमले में देर रात तक 12 पाकिस्तानी सैनिकों के मारे जाने की खबर है। इस बीच जानकारी सामने आई है कि अफगानिस्तान के सुरक्षाबलों ने डूरंड रेखा (अफगानिस्तान-पाकिस्तान बॉर्डर) के पार पाकिस्तान के पाले हुए इस्लामिक स्टेट (ISIS) के आतंकवादियों को भी निशाना बनाया है।



अफगानिस्तान की मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, कुनार के नारी जिले के पास काल्पनिक डूरंड रेखा के पार नाजिम और नूरिस्तान प्रांत के कामदेश जिले में रेखा के दूसरी ओर जकीमुल्लाह स्थित आईएसआईएस के ठिकानों पर हमला किया गया। इन हमलों में इस्लामिक स्टेट के कई आतंकवादियों को निशाना बनाया गया। पाकिस्तान के अंदर सीमा के पास स्थित आईएसआईएस के ठिकाने पाकिस्तानी सेना के संरक्षण में चल रहे थे, जो अफगान तालिबान के खिलाफ संदिग्ध गतिविधियों में लिप्त थे।
पाकिस्तानी सेना की कई चौकियां तबाह : इसके अलावा शनिवार देर रात अफगानिस्तान के सुरक्षबलों ने पाकिस्तान के सीमावर्ती क्षेत्रों में सैन्य चौकियों पर हमले किए हैं। ये हमले पाकिस्तान की सीमा से लगने वाले नंगरहार, पक्तिया, कुनार और नूरिस्तान प्रांतों से अफगान बलों ने सीमा चौकियों पर गोलीबारी की। आजम कोर की 7वीं फ्रंटियर कोर ने 12 पाकिस्तानी सैनिकों के मारे जाने की सूचना दी है। अफगान बलों ने इस दौरान पाकिस्तानी सेना की एक चौकी पर कब्जा कर लिया।

