
पटना। बिहार की राजनीति में हलचल मच गई है। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के बेटे निशांत कुमार के जल्द ही राजनीति में कदम रखने की चर्चा जोरों पर है। होली के बाद पटना में जेडीयू के पोस्टरों ने इस अटकल को और हवा दे दी है। पोस्टरों पर लिखा है, ‘बिहार की मांग सुन लिए निशांत’। पार्टी नेताओं का मानना है कि निशांत कुमार पार्टी को नई ऊंचाइयों पर ले जाएंगे।



होली के बाद पटना में जेडीयू के कई पोस्टर लगे हैं। इन पोस्टर्स में निशांत कुमार की तस्वीर के साथ लिखा है, ‘बिहार की मांग सुन लिए निशांत, बहुत-बहुत धन्यवाद’। पार्टी कार्यालय के बाहर लगे इन पोस्टरों ने निशांत के राजनीतिक पदार्पण की अटकलों को और बल दिया है।
होली के दिन मुख्यमंत्री आवास पर निशांत कुमार ने कई वरिष्ठ जेडीयू नेताओं से मुलाकात की थी। यह पहला मौका था जब निशांत ने इतने बड़े पैमाने पर राजनीतिक हस्तियों से खुलेआम मुलाकात की। इससे पहले ऐसी खबरें आती रही हैं कि निशांत राजनीति में आ सकते हैं, लेकिन अब ये पोस्टर इस बात की पुष्टि करते दिख रहे हैं। नीचे आप उन तस्वीरों में से एक तस्वीर देख सकते हैं जिसमें निशांत जदयू नेताओं के साथ होली मना रहे हैं।
जेडीयू के वरिष्ठ नेता और पूर्व उद्योग मंत्री जय कुमार सिंह ने भी निशांत के जेडीयू में शामिल होने की अटकलों पर बड़ी बात की है। एक निजी टीवी चैनल से बातचीत में उन्होंने कहा कि ‘नीतीश कुमार के बेटे निशांत का जेडीयू में स्वागत है। वो अब पार्टी के रंग में रंग गए हैं। उन्होंने पैर छूकर मेरा आशीर्वाद लिया। उनके आने से JDU को नई ऊंचाई मिलेगी।’

