
रांची। झारखंड की 43 विधानसभा सीटों पर 11 बजे तक 29.31 फीसदी वोटिंग। विधानसभा चुनाव के प्रथम चरण में रांची जिले के पांच विधानसभा क्षेत्र में मतदान जारी है। पहले चरण में 17 सीट सामान्य, 20 अनुसूचित जनजाति और 5 अनुसूचित जाति के लिए आरक्षित है। इस चरण में 683 प्रत्याशी चुनाव मैदान में हैं।
वहीं, राजधानी रांची के सभी मतदान केद्रों में सुबह से ही मतदाताओं की लाइन लगी हुई है। मतदान केद्रों पर सुरक्षा के पुख्ता और कड़े इंतजाम किए गए हैं।
झारखंड के राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार ने रांची के श्री कृष्ण प्रशासनिक सेवा संस्थान में स्थित मतदान केंद्र पर अपने मताधिकार का प्रयोग किया। मतदान करने के बाद पत्रकारों से बातचीत में उन्होंने लोगों से मतदान करने की अपील की। उन्होंने कहा कि प्रदेश के सभी मतदाता मतदान प्रक्रिया में हिस्सा लें। अपने मताधिकार का सही से प्रयोग करना हम सबका कर्तव्य है। राज्यपाल ने कहा कि आप सभी ने देखा होगा कि जम्मू-कश्मीर में अधिक से अधिक संख्या में लोगों ने मतदान किया। इसी तरह झारखंड के मतदाता भी पहले मतदान करें, उसके बाद दूसरा काम करें।
राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार जैसे ही मतदान केंद्र पर पहुंचे, झारखंड के पारंपरिक रीति रिवाज के अनुसार सबसे पहले उनका स्वागत किया गया। स्थानीय महिलाओं ने मांदर की थाप पर गीत-नृत्य करते हुए उनका स्वागत किया। मतदान करने के बाद उन्होंने सेल्फी पॉइंट पर तस्वीर भी खिंचवाई।
पीएम मोदी ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर पोस्ट में अपील की, “झारखंड विधानसभा चुनाव में आज पहले दौर की वोटिंग है। सभी मतदाताओं से मेरा आग्रह है कि वे लोकतंत्र के इस उत्सव में पूरे उत्साह के साथ मतदान करें। इस मौके पर पहली बार वोट देने जा रहे अपने सभी युवा साथियों को मेरी बहुत-बहुत बधाई! याद रखें- पहले मतदान, फिर जलपान! झारखंड विधानसभा चुनाव के लिए पहले चरण के तहत 43 सीटों पर बुधवार सुबह सात बजे से मतदान जारी है। कई बड़ी हस्तियों, राजनीतिक दलों के नेताओं और विभिन्न सीटों पर प्रत्याशियों ने अपने-अपने बूथों पर सुबह-सुबह मतदान किया है।
ओडिशा के राज्यपाल रघुवर दास पूर्वी जमशेदपुर क्षेत्र में मतदान केंद्र पर अपने परिवार के सदस्यों के साथ वोट डालने पहुंचे। उन्होंने मीडिया से बातचीत करते हुए कहा, “लोकतंत्र के महापर्व में जो मतदाता का फर्ज होता है मतदान करना, उसी के तहत आज मैंने अपने परिवार के साथ मतदान करके अपने कर्तव्य का निर्वाह किया है। मैं समस्त झारखंड वासियों से अपील करता हूं कि अपने परिवार के साथ अपने मत का उपयोग जरूर करें और आस-पास के लोगों को भी प्रेरित करें ताकि हमारा लोकतंत्र और मजबूत हो।”
पूर्व केंद्रीय मंत्री अर्जुन मुंडा ने खरसावां विधानसभा क्षेत्र में अपने बूथ पर मताधिकार का इस्तेमाल किया। उन्होंने कहा, ह्यमैंने राज्य को उज्जवल भविष्य की ओर ले जाने के लिए वोट किया है, मुझे उम्मीद है कि खरसावां की जनता भी इसी तरह वोट करेगी। राज्यसभा के उपसभापति हरिवंश नारायण सिंह ने भी रांची के एक मतदान केंद्र पर वोट डालने के बाद स्याही लगी अंगुली दिखाते हुए सभी लोगों से मतदान की अपील की।
केंद्रीय रक्षा राज्यमंत्री और रांची के सांसद संजय सेठ, पूर्व विधानसभा अध्यक्ष और रांची के भाजपा प्रत्याशी सीपी सिंह, झामुमो की प्रत्याशी और राज्यसभा की सांसद डॉ महुआ माजी ने सुबह में अपने-अपने बूथों पर पहुंचकर वोट डाले। कोडरमा सीट पर भाजपा प्रत्याशी एवं पूर्व मंत्री डॉ नीरा यादव अपने परिवार के साथ इंदरवा झरीटांड़ स्थित बूथ संख्या 239 पर पहुंचीं और अपने मताधिकार का प्रयोग किया। मताधिकार के इस्तेमाल को लेकर वोटरों में खासा उत्साह देखा जा रहा है। शहरी इलाकों की तुलना में ग्रामीण और नक्सल प्रभावित क्षेत्रों के बूथों पर लंबी कतारें देखी जा रही हैं।
- चाईबासा (अ.ज.जा)- 31.02%
- मंझगांव (अ.ज.जा)- 33.11%
- जगन्नाथपुर (अ.ज.जा)- 28.43%
- मनोहरपुर (अ.ज.जा)- 26.24%
- चक्रधरपुर (अ.ज.जा)- 28.12%
11:48 AM, Nov 13 2024
झारखंड की 43 सीटों का 11 बजे का वोटिंग अपडेट
झारखंड की 43 विधानसभा सीटों पर सुबह 11 बजे तक 29.31 फीसदी वोटिंग।
लातेहार: 30.59%
लोहरदगा: 33.44%
पलामू: 28.36 %
रामगढ: 24.17%
रांची: 24.75%
सरायकेला-खरसांवा: 32.65%
सिमडेगा: 33.18%
पूर्वी सिंहभूम: 29.42%
चतरा: 29.52%
गढवा: 30.38%
गुमला: 33.86%
हजारीबाग: 29.60%
खूंटी: 34.12 %
कोडरमा: 31.10 %
लातेहार: 30.59%
