रांची । भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू ने कांग्रेस और विपक्षी दलों पर तीखा हमला बोलते हुए आरोप लगाया कि लगातार चुनावी पराजय से कांग्रेस हताश और बौखला गई है। उन्होंने कहा कि देश की जनता कांग्रेस को बार-बार नकार रही है, जिससे वह संवैधानिक संस्थाओं को निशाना बनाकर अपनी खीझ निकाल रही है।

भाजपा प्रदेश कार्यालय में आयोजित प्रेसवार्ता में रविवार को आदित्य साहू ने कहा कि चुनाव आयोग सहित संवैधानिक संस्थाओं की विश्वसनीयता पर सवाल उठाना कांग्रेस की राजनीतिक हताशा का परिचायक है। कांग्रेस जनता को भ्रमित करने के लिए झूठ और भ्रामक प्रचार का सहारा ले रही है। लूट, झूठ और फरेब कांग्रेस पार्टी के स्वभाव में शामिल है। ये लोग झूठ बोलकर देश की जनता को गुमराह करते हैं तथा जनता को धोखा देते हैं।

साहू ने कहा कि चुनाव आयोग के आधिकारिक संयुक्त बयान से कांग्रेस और विपक्षी इंडी गठबंधन के झूठ का पर्दाफाश हुआ और कांग्रेस की भ्रम और मनगढ़ंत कहानियों की राजनीति पूरी तरह ध्वस्त हो गई है। उन्होंने कहा कि चुनाव आयोग की बैठक और संयुक्त प्रेस नोट से दूध का दूध और पानी का पानी हो गया। कांग्रेस का झूठ बेनकाब हो गया। तीनों चुनाव आयुक्तों की सर्वसम्मति से लिए गए विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) समेत सभी फैसले निष्पक्ष थे और चुनावी प्रक्रिया पर कांग्रेस के द्वारा सवाल उठाना उनकी हताशा का प्रतीक है।

साहू ने कहा कि कैबिनेट सचिव को लिखा पत्र किसी नीतिगत विषय या एसआईआर से संबंधित नहीं था। एक अखबार की रिपोर्ट कोरी कल्पना पर आधारित गढ़ी गई कहानी से ज्यादा और कुछ नहीं थी। उन्होंने कहा कि एसआईआर के फॉर्म-6 के घोषणापत्र को उच्चतम न्यायालय पहले ही वैध ठहरा चुका है, विपक्ष की संवैधानिक संस्थाओं को बदनाम करने की साजिश एक बार फिर से नाकाम हुई।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस अपने राजनीतिक स्वार्थ के लिए चुनाव आयोग, उच्चतम न्यायालय और अन्य संवैधानिक संस्थाओं पर लगातार सवाल उठाकर उनकी प्रतिष्ठा को नुकसान पहुंचाने का प्रयास कर रही है। चुनाव आयोग की स्पष्टता के बाद कांग्रेस के आरोपों की वास्तविकता सामने आ गई है, ऐसे में कांग्रेस को संवैधानिक संस्थाओं पर बेबुनियाद आरोप लगाने के बजाय तथ्यों का सम्मान करना चाहिए।

आदित्य साहू ने कहा कि जब भी विपक्ष जनता की अदालत में पराजित होता है, वह अपनी खीझ और हताशा निकालने के लिए संवैधानिक संस्थाओं पर झूठे आरोप मढ़ने लगता है। निर्वाचन आयोग के स्पष्ट और कड़े वक्तव्य ने विपक्ष के सभी झूठ और दुर्भावनापूर्ण प्रचार की हवा निकाल दी है। प्रेस वार्ता में प्रदेश प्रवक्ता अजय शाह ,राफिया नाज, मीडिया सह प्रभारी सतीश सिन्हा और नीरज सिंह शामिल रहे।

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version