पटना । बिहार में मछली की बिक्री व्यवस्था को आधुनिक और व्यवस्थित बनाने के लिए राज्य सरकार सुधा की तर्ज पर 100 फ्रेश कैच कियोस्क स्थापित करेगी। योजना के पहले चरण में 30 कियोस्क तैयार किए जा रहे हैं, जिनका जल्द शुभारंभ किया जाएगा। दूसरे चरण में 70 और कियोस्क खोले जाएंगे। इन बिक्री केंद्रों पर उपभोक्ताओं को स्वच्छ वातावरण में ताजी मछलियां उपलब्ध कराने के साथ मत्स्य पालकों को अपने उत्पाद बेचने के लिए बेहतर बाजार मिलेगा।

सात निश्चय-3 के तहत प्रस्तावित इस योजना पर अधिकतम 10.56 करोड़ रुपये खर्च होने का अनुमान है। इसका क्रियान्वयन डेयरी, मत्स्य एवं पशु संसाधन विभाग के अंतर्गत मत्स्य निदेशालय और बिहार एक्वाकल्चर इंफ्रास्ट्रक्चर एंड डेवलपमेंट कॉरपोरेशन लिमिटेड (BAIDCL) के माध्यम से किया जाएगा। कियोस्क स्थापित करने के लिए सरकारी भूमि, नगर निकायों की जमीन या जिला प्रशासन की ओर से उपलब्ध कराई गई भूमि का उपयोग किया जाएगा।

योजना के पहले चरण में पटना, गया, मुजफ्फरपुर, भागलपुर, पूर्णिया, दरभंगा, बेगूसराय, मोतिहारी, बेतिया, हाजीपुर, किशनगंज, कटिहार और मुंगेर सहित प्रमुख शहरों में फ्रेश कैच कियोस्क स्थापित किए जा रहे हैं।

इस पहल का उद्देश्य मछली की बिक्री को अधिक स्वच्छ और सुविधाजनक बनाना है। साथ ही, स्थानीय मत्स्य उत्पादकों और कियोस्क संचालकों के बीच मजबूत आपूर्ति श्रृंखला विकसित की जाएगी, ताकि उपभोक्ताओं को नियमित रूप से ताजी मछलियां मिल सकें।

फ्रेश कैच कियोस्क में मछलियों के सुरक्षित भंडारण और बिक्री के लिए कोल्ड चेन, डीप फ्रीजर और डिस्प्ले काउंटर की व्यवस्था होगी। इसके अलावा स्वच्छ जल, जल निकासी, बिजली, बैकअप, डिजिटल भुगतान और अपशिष्ट प्रबंधन जैसी सुविधाएं भी उपलब्ध कराई जाएंगी।

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version