
मुंबई। सूचना प्रौद्योगिकी (आईटी) कंपनियों के शेयरों में तगड़ी खरीदारी और वैश्विक बाजारों से मिले सकारात्मक संकेतों के बीच घरेलू शेयर बाजार शुक्रवार को लगातार दूसरे सत्र में बढ़त के साथ बंद हुआ। सेंसेक्स 414 अंक चढ़ गया, जबकि निफ्टी में करीब 149 अंक की तेजी रही। बीएसई का 30 शेयरों वाला मानक सूचकांक सेंसेक्स 413.66 अंक यानी 0.56 प्रतिशत बढ़कर 74,729.27 अंक पर बंद हुआ। कारोबार के दौरान एक समय यह 463.17 अंक चढ़कर 74,778.78 अंक तक पहुंच गया था।त्र एनएसई का 50 शेयरों वाला मानक सूचकांक निफ्टी भी 148.80 अंक यानी 0.65 प्रतिशत बढ़कर 23,146.15 अंक पर बंद हुआ। सेंसेक्स के समूह में शामिल कंपनियों में से टेक महिंद्रा का शेयर सबसे अधिक 8.45 प्रतिशत चढ़ा। कंपनी ने जुलाई-सितंबर तिमाही में एकीकृत शुद्ध लाभ 32.74 प्रतिशत बढ़कर 1,585.6 करोड़ रुपये रहने की सूचना दी थी।इसके अलावा, टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज (टीसीएस), इन्फोसिस, भारती एयरटेल, महिंद्रा एंड महिंद्रा, बजाज फाइनेंस और एचसीएलटेक के शेयरों में भी तेजी रही। दूसरी तरफ, इंटरग्लोब एविएशन (इंडिगो), रिलायंस इंडस्ट्रीज, एशियन पेंट्स और भारत इलेक्ट्रॉनिक्स के शेयर गिरावट के साथ बंद हुए। जियोजित इन्वेस्टमेंट्स लिमिटेड के शोध प्रमुख विनोद नायर ने कहा कि ह्यतिमाही नतीजों और कंपनियों के प्रबंधन की सकारात्मक टिप्पणियों से आईटी क्षेत्र की आय संभावनाओं को लेकर भरोसा बढ़ा है। कच्चे तेल की कीमतों में नरमी और रुपये में मजबूती से भी बाजार धारणा को समर्थन मिला। वैश्विक तेल मानक ब्रेंट क्रूड का भाव 0.30 प्रतिशत गिरकर 105.6 डॉलर प्रति बैरल पर आ गया। विदेशी संस्थागत निवेशकों ने गुरुवार को 5,285.37 करोड़ रुपये के शेयरों की शुद्ध बिकवाली की थी।
