
सीतामढ़ी। जब भी कोई जन प्रतिनिधि चुनाव जीतकर सदन जाता है और सदन के अंदर ईश्वर को साक्षी मानकर गोपनीयता का शपथ लेता है। शपथ के दौरान जन प्रतिनिधि कहता है कि मैं सत्यनिष्ठा से प्रतिज्ञान करता हूं कि मैं विधि द्वारा स्थापित भारत के संविधान के प्रति सच्ची श्रद्धा और निष्ठा रखूंगा। मैं, भारत की प्रभुता और अखंडता अक्षुण्ण रखूंगा। जिस पद को मैं ग्रहण करने वाला हूं उसके कर्त्तव्यों का पलना करूंगा। किसी भी समाज या व्यक्ति से राग-द्वेष की भावना नहीं रखूंगा।
लेकिन, नीतीश कुमार के करीबी जेडीयू नेता और सीतामढ़ी के सांसद देवेशचंद्र ठाकुर का बड़ा बयान सामने आया है। उनका यह बयान राजनीतिक घमासान पैदा करने वाला है। उन्होंने कहा है कि यादवों और मुसलमानों का वे अब कोई काम नहीं करेंगे। क्योंकि उन्होंने वोट नहीं दिया। अपने संसदीय क्षेत्र सीतामढ़ी में एक सभा को संबोधित करते हुए ठाकुर ने कहाकि यादवों और मुसलमानों का चाय नाश्ता तक स्वागत है। लेकिन, उनका कोई काम नहीं करूंगा।
बताते चलें कि कल रविवार को देवेश चंद्र ठाकुर सीतामढ़ी में थे। केंद्र में नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में एनडीए की नई सरकार बनने के बाद उनके आगमन पर कार्यक्रम का आयोजन किया गया था। जिसमें देवेश चंद्र ठाकुर ने क्षेत्र के लोगों को संबोधित किया।
उन्होंने कहा कि व्यक्तिगत रूप से सबसे ज्यादा यादव और मुसलमान समाज का काम किया। लेकिन उन्होंने वोट नहीं दिया। अब उनसे चाय नाश्ते तक का सबंध रहेगा। उनका कोई काम नहीं करेंगे। वहीं, आरजेडी ने कहा कि इनकी सदस्यता रद्द होनी चाहिए।
