
लखनऊ। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मां के महत्व और मातृत्व की महिमा को भावुक शब्दों में व्यक्त करते हुए कहा कि मां केवल जन्म देने वाली नहीं, बल्कि जीवन की सबसे बड़ी शक्ति और सुरक्षा का आधार होती है। मां हर किसी की जगह ले सकती है, लेकिन उसकी जगह कोई नहीं ले सकता। मां के बिना जीवन से भावनात्मक सुरक्षा और घर की छांव दोनों छिन जाती हैं।



मुख्यमंत्री ने अपनी ‘योगी की पाती’ में प्रदेश की सभी माताओं को नमन करते हुए कहा कि मां की ममता दुनिया की सबसे सुंदर भावना है। हमारा अस्तित्व मां के कारण ही है। उन्होंने भगवान श्रीराम, भगवान श्रीकृष्ण, भक्त ध्रुव और प्रह्लाद के प्रसंगों का उल्लेख करते हुए कहा कि मां के आशीर्वाद और संस्कारों ने ही महान व्यक्तित्वों के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।
इस दौरान योगी आदित्यनाथ ने अपने संन्यास जीवन से जुड़ा एक भावुक संस्मरण भी साझा किया। उन्होंने बताया कि संन्यास ग्रहण करने के तीन वर्ष से अधिक समय बाद जब वह पहली बार भगवा वस्त्र धारण कर अपने पैतृक गांव पंचूर पहुंचे थे, तब उन्होंने संन्यास परंपरा के अनुसार घर की दहलीज पर खड़े होकर मां से भिक्षा मांगी थी।
उन्होंने बताया कि भगवा वस्त्रों में बेटे को देखकर मां पहले तो आश्चर्यचकित रह गईं। मां ने उनसे पूछा कि घर में ऐसी क्या कमी थी, जो उन्हें भिक्षा मांगनी पड़ रही है। इस पर उन्होंने मां को समझाया कि संन्यास उनका धर्म है और एक योगी की भूख भिक्षा से ही मिटती है। वह घर में रहने नहीं, बल्कि संन्यास परंपरा के तहत भिक्षा लेने आए हैं।
मुख्यमंत्री के अनुसार, मां ने उनकी भावनाओं और संन्यासी जीवन के संकल्प का सम्मान किया। उन्होंने कहा कि मां के प्रति कृतज्ञता का ऋण कभी चुकाया नहीं जा सकता, लेकिन अपने कर्तव्यों का पालन करके उनके प्रति सम्मान अवश्य प्रकट किया जा सकता है।
योगी आदित्यनाथ ने कहा कि सार्वजनिक जीवन में आने के बाद वह प्रदेश की मातृशक्ति के प्रति अपने दायित्वों का निर्वहन करने का प्रयास कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि सनातन संस्कृति में मातृ वंदना और मां का सम्मान सर्वोच्च स्थान रखता है।
मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों से अपील की कि वे प्रत्येक मां के प्रति सम्मान और संवेदना का भाव रखें। उन्होंने लोगों से संकल्प लेने का आह्वान किया कि वे किसी निराश्रित मां का सहारा बनेंगे, किसी वंचित मां की पीड़ा समझेंगे और किसी दुखियारी मां के चेहरे पर मुस्कान लाने का प्रयास करेंगे।

