
रांची। झारखंड के गोड्डा से भाजपा सांसद निशिकांत दुबे ने कांग्रेस पर कारोबारी घरानों से कथित सांठगांठ और चुनावों में काले धन के इस्तेमाल को लेकर गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने दावा किया कि वर्ष 1977 के लोकसभा चुनाव में पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी ने कारोबारियों से 113 करोड़ रुपये लिए थे। दुबे के अनुसार, उस समय की यह राशि मौजूदा मूल्य के हिसाब से करीब 25 हजार करोड़ रुपये के बराबर है।



निशिकांत दुबे ने सोमवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर 1970 के दशक में इंडियन एक्सप्रेस में प्रकाशित एक खबर की पुरानी कटिंग साझा की। उन्होंने इसके आधार पर कांग्रेस के चुनावी चंदे और कारोबारी हितों के बीच कथित गठजोड़ पर सवाल उठाए। भाजपा सांसद ने दावा किया कि उस समय लोकसभा के प्रत्येक उम्मीदवार को दो लाख रुपये और दो जीप उपलब्ध कराई गई थीं।
दुबे इन दिनों सोशल मीडिया पर ‘कांग्रेस का काला अध्याय’ नाम से एक शृंखलाबद्ध अभियान चला रहे हैं। इस अभियान की 252वीं कड़ी में उन्होंने 23 नवंबर 1978 को इंटेलिजेंस ब्यूरो (आईबी) की एक रिपोर्ट के मीडिया में प्रकाशित होने का जिक्र किया। उनके मुताबिक, इस रिपोर्ट में इंदिरा गांधी और कारोबारी घरानों के बीच कथित सांठगांठ का खुलासा किया गया था।
आरपी गोयनका पर सबसे अधिक चंदा देने का आरोप
भाजपा सांसद ने कारोबारी आरपी गोयनका पर कांग्रेस को सबसे अधिक चंदा देने का आरोप लगाया। उन्होंने दावा किया कि गोयनका को तीन अक्टूबर 1977 को काले धन से जुड़े मामले में गिरफ्तार किया गया था। दुबे के अनुसार, इस मामले में आयकर विभाग और प्रवर्तन निदेशालय की ओर से कई बार छापेमारी भी की गई थी।
बिड़ला समूह और विदेशी कंपनियों पर भी लगाए आरोप
निशिकांत दुबे ने सरकारिया आयोग और हजारी आयोग की रिपोर्ट का हवाला देते हुए आरोप लगाया कि बिड़ला समूह ने 1957 से 1977 के बीच कांग्रेस को आर्थिक मदद देकर लाइसेंस हासिल किए। उन्होंने कोका-कोला और आईबीएम जैसी विदेशी कंपनियों पर भी कांग्रेस को धन देने का आरोप लगाया।
दुबे ने अपनी पोस्ट में दावा किया कि इन आरोपों से घिरी इंदिरा गांधी ने जनता पार्टी को तोड़ने के लिए हर संभव प्रयास किया। उन्होंने अमेरिका के तत्कालीन राजदूत डेनियल पैट्रिक मोयनिहान की 1978 में प्रकाशित पुस्तक का हवाला देते हुए सीआईए पर कांग्रेस को चंदा देने और विपक्षी दलों को तोड़ने में भूमिका निभाने का आरोप लगाया।
पिछली कड़ी में भी कांग्रेस पर साधा था निशाना
इससे एक दिन पहले निशिकांत दुबे ने अपनी शृंखला की 251वीं कड़ी में कांग्रेस पर निशाना साधा था। उस पोस्ट में उन्होंने वर्ष 1957 में बाबर से जुड़ी वस्तुओं को अफगानिस्तान भेजे जाने और गांधी परिवार के सदस्यों की बाबर की मजार यात्रा का उल्लेख किया था।
भाजपा सांसद लगातार अपनी सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए कांग्रेस के ऐतिहासिक राजनीतिक फैसलों और कथित आर्थिक अनियमितताओं को लेकर सवाल उठा रहे हैं। हालांकि, उनके द्वारा लगाए गए आरोपों को उनके दावों के रूप में ही देखा जाना चाहिए।

