
नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की गैर-जरूरी सोने की खरीदारी से बचने की अपील का असर अब देश के आयात आंकड़ों में भी दिखाई देने लगा है। कन्फेडरेशन ऑफ ऑल इंडिया ट्रेडर्स (कैट) के मुताबिक, अप्रैल से अक्टूबर 2026 के बीच भारत के सोना आयात बिल में करीब 40 प्रतिशत की गिरावट दर्ज की गई है। इस दौरान देश ने लगभग 16.46 अरब डॉलर की विदेशी मुद्रा बचाई है।



कैट के महासचिव प्रवीण खंडेलवाल ने रविवार को बताया कि अप्रैल-अक्टूबर 2025 की अवधि में भारत का सोना आयात बिल 41.24 अरब डॉलर था, जो चालू वर्ष की समान अवधि में घटकर 24.78 अरब डॉलर रह गया। उन्होंने कहा कि यह गिरावट राष्ट्रीय आर्थिक प्राथमिकताओं के प्रति लोगों की बढ़ती जागरूकता और प्रधानमंत्री के ‘राष्ट्र प्रथम’ संदेश के प्रति सकारात्मक प्रतिक्रिया को दर्शाती है।
अक्टूबर महीने में सोने के आयात में और भी बड़ी गिरावट देखने को मिली। अक्टूबर 2025 में जहां सोने का आयात 14.72 अरब डॉलर था, वहीं अक्टूबर 2026 में यह घटकर 5.51 अरब डॉलर रह गया। इस तरह सालाना आधार पर आयात में करीब 62.6 प्रतिशत की कमी दर्ज की गई।
खंडेलवाल ने कहा कि लखनऊ में हाल ही में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने लोगों से एक वर्ष तक गैर-जरूरी सोने की खरीदारी से बचने की अपील की थी। मौजूदा आंकड़े बताते हैं कि उपभोक्ताओं के व्यवहार में बदलाव आने लगा है और इसका सकारात्मक असर देश की अर्थव्यवस्था पर पड़ रहा है।
कैट के अनुसार, वित्त वर्ष 2025-26 में भारत ने करीब 71.98 अरब डॉलर मूल्य का सोना आयात किया था, जबकि वित्त वर्ष 2024-25 में यह आंकड़ा 58.01 अरब डॉलर था। हालांकि, मौजूदा रुझानों को देखते हुए संगठन ने अनुमान जताया है कि वित्त वर्ष 2026-27 में देश का कुल सोना आयात घटकर 35 से 40 अरब डॉलर के बीच रह सकता है।
कैट के राष्ट्रीय अध्यक्ष बी.सी. भार्तिया ने कहा कि प्रधानमंत्री की अपील का उद्देश्य केवल सोने की खरीदारी कम करना नहीं, बल्कि देशहित में जिम्मेदार और विवेकपूर्ण उपभोग को बढ़ावा देना भी है। उन्होंने कहा कि आम लोगों की सकारात्मक प्रतिक्रिया से स्पष्ट है कि देश की आर्थिक प्राथमिकताओं को लेकर जागरूकता बढ़ रही है।
वहीं, ऑल इंडिया ज्वैलर्स एंड गोल्डस्मिथ फेडरेशन (एआईजेजीएफ) के राष्ट्रीय अध्यक्ष पंकज अरोड़ा ने कहा कि सोना भारतीय संस्कृति, विवाह परंपराओं और पारिवारिक बचत का अहम हिस्सा है। इसके बावजूद देश की सोने की मांग का बड़ा हिस्सा आयात से पूरा होता है, जिससे विदेशी मुद्रा भंडार पर दबाव पड़ता है।
उन्होंने कहा कि सोने की खरीदारी में संयम बरतने से विदेशी मुद्रा के बेहतर प्रबंधन, व्यापार घाटे को नियंत्रित करने और देश की आर्थिक स्थिरता मजबूत करने में मदद मिल सकती है।

